अन्याय और अधर्म के विरुद्ध संघर्ष के लिए शिक्षा के साथ आत्मरक्षा, अनुशासन और आवश्यक प्रशिक्षण भी जरूरी है. बैठक को गोपाल पांडेय एवं प्रेम मिश्रा ने भी संबोधित किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने विचार रखे.
- ब्राह्मण समाज की एकजुटता को बताया सनातन और राष्ट्रहित से जुड़ा विषय
- भगवान परशुराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राष्ट्रीय परशुराम परिषद, जिला इकाई बक्सर की प्रथम जिला बैठक सोमवार को संगठन स्थापना दिवस सह संगठन विस्तार के मुद्दे पर आयोजित हुई. बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, समाज को एकजुट करने और भगवान परशुराम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया. अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री राहुल राय ने किया.
सनातन धर्म की जड़ों से जोड़ा ब्राह्मण समाज
अध्यक्षीय संबोधन में दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही ने कहा कि सनातन धर्म एक विशाल बरगद के वृक्ष के समान है और ब्राह्मण परिवार उसकी जड़ों की तरह है. जड़ कमजोर होने पर जिस तरह वृक्ष कमजोर होता है, उसी प्रकार ब्राह्मण समाज के कमजोर और असहाय होने से सनातन धर्म और राष्ट्र भी कमजोर होगा. उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और अपने हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करना समय की आवश्यकता है.
संगठन के प्रति जागरूक रहने का आह्वान
मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री नन्दकुमार तिवारी ने संगठन और समाज के हित में सदैव तत्पर, एकजुट एवं जागरूक रहने का आह्वान किया. प्रदेश मंत्री दुर्गावती चतुर्वेदी और प्रदेश प्रवक्ता मल्लिकार्जुन राय ने भगवान परशुराम के आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया.
शास्त्र के साथ शस्त्र शिक्षा पर जोर
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को शास्त्र शिक्षा के साथ-साथ शस्त्र शिक्षा की भी आवश्यकता है. अन्याय और अधर्म के विरुद्ध संघर्ष के लिए शिक्षा के साथ आत्मरक्षा, अनुशासन और आवश्यक प्रशिक्षण भी जरूरी है. बैठक को गोपाल पांडेय एवं प्रेम मिश्रा ने भी संबोधित किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने विचार रखे.
नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
बैठक में नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों एवं अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पमाला से स्वागत एवं सम्मान किया गया. इस दौरान राष्ट्रीय परशुराम परिषद, जिला इकाई बक्सर के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों के नाम और दायित्व की औपचारिक घोषणा भी की गई. कार्यक्रम के अंत में जिला महामंत्री अभिषेक मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
बैठक में प्रदेश महामंत्री नन्दकुमार तिवारी, प्रदेश मंत्री दुर्गावती चतुर्वेदी, प्रदेश प्रवक्ता मल्लिकार्जुन राय, पृथ्वीनाथ ओझा, गोपाल पांडेय, प्रेम मिश्रा, प्रकाश पाण्डेय, अभिषेक ओझा सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे. कार्यक्रम का समापन संगठन, समाज और राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ.






.png)










0 Comments