कांवरियों की राह में सेवा का सहारा, विद्यार्थी परिषद ने लगाया सेवा शिविर ..

कहा कि सेवा कार्य भारतीय संस्कृति और विद्यार्थी परिषद के संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है. परिषद के कार्यकर्ता समाज के बीच रहकर सेवा, सहयोग और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं.





                             


  • पी.पी. रोड में कांवरिया श्रद्धालुओं के स्वागत के साथ उपलब्ध कराई गईं जरूरी सुविधाएं
  • सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश लेकर जुटे विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सावन के पावन महीने में बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पैदल यात्रा कर रहे कांवरिया श्रद्धालुओं की राह आसान बनाने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बक्सर नगर इकाई ने पी.पी. रोड में कांवरिया सेवा शिविर लगाया. शिविर में विभिन्न स्थानों से गुजर रहे श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया और उन्हें आवश्यक सेवा-सुविधाएं उपलब्ध कराकर यात्रा के दौरान सहयोग दिया गया.

कार्यक्रम की अध्यक्षता राहुल कुमार ने की, जबकि संचालन विराज सिंह ने किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांवरियों की सेवा केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में निहित सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना का परिचायक है. श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कार्यकर्ताओं की टीम लगातार सक्रिय रही.

सेवा कार्य विद्यार्थी परिषद के संस्कारों का हिस्सा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक अविनाश पाण्डेय ने कहा कि सेवा कार्य भारतीय संस्कृति और विद्यार्थी परिषद के संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है. परिषद के कार्यकर्ता समाज के बीच रहकर सेवा, सहयोग और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं. उन्होंने कहा कि कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा करने का अवसर मिलना सभी कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य की बात है.

श्रद्धालुओं की सेवा को बताया पुण्य का कार्य

जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा ने कहा कि भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए लंबी दूरी की पैदल यात्रा कर रहे कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा करना सौभाग्य और पुण्य का कार्य है. विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़े होकर सेवा और सहायता की भावना को मजबूत करने में जुटे हैं. सेवा शिविर इसी सामाजिक जिम्मेदारी की एक कड़ी है.

नगर मंत्री विवेक पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थी परिषद शिक्षा और छात्रहित से जुड़े कार्यों के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभाती रही है. ऐसे आयोजनों से युवाओं में सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है.

कार्यक्रम के अंत में हिमांशु कश्यप ने धन्यवाद ज्ञापन किया. उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया.

इस अवसर पर खेलो भारत प्रांत सह संयोजक अनीश तिवारी, मनीष सिंह, प्रियांशु, शुभम, अभिषेक गुप्ता, दिव्यांशु मिश्रा, सुमित तिवारी, संजीत यादव, उज्ज्वल चौबे, अभिषेक कुमार, सरजित कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे.













Post a Comment

0 Comments