इसी सेवा भावना को केंद्र में रखते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. अभियान के जरिए सरकार की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को भी सीधे जोड़ा जाएगा, ताकि यह जाना जा सके कि योजनाओं का वास्तविक लाभ जमीन पर लोगों तक पहुंचा है या नहीं.
- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, गांव-गांव पहुंचेगी सेवा की मशाल
- लाभार्थियों से सीधे जानेंगे योजनाओं का हाल, बच्चों और युवाओं को भी अभियान से जोड़ने की तैयारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में एक महीने तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा. बक्सर में भी अभियान के तहत 13 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जिला अतिथि गृह में सदर विधायक आनंद मिश्र ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इसका मकसद प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और उनके नेतृत्व में देश में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाना है.
आनंद मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में लगातार जनता की सेवा को प्राथमिकता दी है. इसी सेवा भावना को केंद्र में रखते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. अभियान के जरिए सरकार की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को भी सीधे जोड़ा जाएगा, ताकि यह जाना जा सके कि योजनाओं का वास्तविक लाभ जमीन पर लोगों तक पहुंचा है या नहीं.
लाभार्थियों से पूछेंगे, योजना का लाभ सच में मिला या नहीं
विधायक ने कहा कि अभियान में केवल योजनाओं का प्रचार नहीं होगा, बल्कि लाभार्थियों से सीधे संपर्क कर जमीनी हकीकत भी जानी जाएगी. कार्यकर्ता लाभार्थियों तक पहुंचेंगे और उनसे उनकी जुबानी यह जानने का प्रयास करेंगे कि सरकार की योजना से उन्हें क्या लाभ मिला. इससे योजनाओं के वास्तविक प्रभाव की तस्वीर सामने आएगी.
उन्होंने कहा कि अभियान में बच्चों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. बच्चों को विकसित भारत के सपने और वर्ष 2047 के लक्ष्य से जोड़ने के लिए चित्रकला, निबंध, भाषण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी. युवाओं को भी सेवा और नवाचार से जोड़ने की योजना है.
गांव-गांव पहुंचेगी सेवा की मशाल
आनंद मिश्र ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पूरे देश में इस अभियान से जुड़ेंगे. सेवा की मशाल लेकर कार्यकर्ता गांव-गांव जाएंगे और लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगे. सेवा ज्योति कलश यात्रा, बाइक और साइकिल रैली, पदयात्रा तथा विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 'सेवा दिवस' के रूप में रक्तदान शिविर और अन्य सेवा कार्य होंगे. शाम को 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे. इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर, 'सेवा सेतु', आंगनवाड़ी केंद्रों पर मातृ-बाल स्वास्थ्य एवं पोषण गतिविधियां, स्वच्छता और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी होंगे.
डिजिटल भुगतान को बताया बड़े बदलाव की मिसाल
आनंद मिश्र ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के कार्यकाल में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए डिजिटल भुगतान व्यवस्था को बड़ी उपलब्धि और नवाचार की मिसाल बताया. उन्होंने कहा कि देश में ऐसी कई पहल हुई हैं, जिनकी पहले कल्पना भी नहीं की जाती थी. डिजिटल मनी ने आम लोगों के लेन-देन के तरीके को बदल दिया है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों का सेवा कार्य आने वाले समय में भी भाजपा और देश को प्रेरणा देता रहेगा. भाजपा और उसकी सरकार का मूल संकल्प जनसेवा है और 'सेवा संकल्प अभियान' इसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है.
जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन, मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय, दीपक पांडेय, रवि मिश्र समेत कई लोग मौजूद रहे.






.png)









0 Comments