आरोप लगाया कि लोगों में दहशत पैदा करने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई. गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों में दुबक गए. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. हालांकि फायरिंग के आरोप की पुलिस जांच कर रही है.
- जहीर के सिर में लगी ईंट, पुलिस ने खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किया
- शराब तस्करी और असामाजिक तत्वों की शिकायत पर प्रशासन सख्त, ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने का निर्देश
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र के वार्ड छह और सात में शनिवार रात बिजली गुल होने से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले. इस दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप भी लगा. पथराव में दर्जी मोहल्ले के करीब 50 वर्षीय मो. जहीर दर्जी के सिर में ईंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें परिजनों ने डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
बताया जाता है कि वार्ड सात की अनुसूचित टोली और वार्ड छह के दर्जी मोहल्ले में एक ही ट्रांसफार्मर से बिजली की आपूर्ति होती है. अधिक लोड के कारण यहां अक्सर बिजली बाधित रहती है. शनिवार रात करीब आठ बजे बिजली गुल होने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई. कुछ देर बाद मामला शांत होता दिखा, लेकिन आरोप है कि एक पक्ष के कई युवक दूसरे मोहल्ले में पहुंच गए और पथराव शुरू कर दिया. इसी दौरान घर के बाहर बैठे जहीर के सिर पर ईंट जा लगी. सिर फटने से खून बहने लगा और देखते ही देखते दोनों मोहल्लों में अफरातफरी मच गई.
गोली की आवाज से घरों में दुबके लोग, खोखा-जिंदा कारतूस मिला
घायल पक्ष ने आरोप लगाया कि लोगों में दहशत पैदा करने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई. गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों में दुबक गए. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. हालांकि फायरिंग के आरोप की पुलिस जांच कर रही है.
पुलिस पहुंची तो भाग निकले उपद्रवी, देर रात अतिरिक्त बल तैनात
सूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. देर रात प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार समेत अतिरिक्त पुलिस बल भी गांव पहुंचा. पुलिस के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी मौके से फरार हो चुके थे.
जहीर के बयान पर कई नामजद, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
मो. जहीर के बयान पर नया भोजपुर उत्तर मोहल्ला के सूर्या कुमार पासवान, जगनारायण पासवान समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
शराब तस्करी और असामाजिक तत्वों की शिकायत से बढ़ी चिंता
घटना के बाद प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया. एसडीएम राजीव कुमार, सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी, थानाध्यक्ष चंदन कुमार तथा बिजली विभाग के सहायक अभियंता अर्जुन कुमार वर्मा और जेई जितेंद्र कुमार ने ग्रामीणों के साथ बैठक की. ग्रामीणों ने इलाके में शराब तस्करी और असामाजिक तत्वों की सक्रियता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लंबे समय से इसके कारण तनाव का माहौल बना हुआ है. महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई.
सुनसान ट्रांसफार्मर स्थल पर सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट की मांग
बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर ट्रांसफार्मर लगा है, वह अपेक्षाकृत सुनसान है और वहां असामाजिक तत्वों के जुटने की शिकायत मिलती रहती है. ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर पर बढ़ते लोड के कारण बार-बार बिजली गुल होने की समस्या भी बताई.
ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने का निर्देश, पुलिस को शराब तस्करों पर कार्रवाई के आदेश
एसडीएम ने बिजली विभाग को ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने अथवा नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया. साथ ही संबंधित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया गया. थानाध्यक्ष को शराब तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया.
एसडीएम बोले- दोषियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
एसडीएम राजीव कुमार ने कहा कि विवाद की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया था. प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. इलाके में शांति बनाए रखने के लिए ग्रामीणों के साथ बैठक की गई है. दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होगी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी.






.png)










0 Comments