गुप्त सूचना मिली थी कि पवनी गांव निवासी योगेंद्र साह अपने घर में गांजा छिपाकर रखता है और उसकी खरीद-बिक्री करता है. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने टीम गठित की और दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोपहर को उसके घर छापेमारी की.
- पवनी गांव में पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप, 656.5 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद
- आरोपित योगेंद्र साह फरार, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवनी गांव में गुरुवार को पुलिस ने कथित गांजा तस्करी के खिलाफ छापेमारी कर बड़ी बरामदगी की है. पुलिस ने एक घर की तलाशी के दौरान 656.5 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ, 18 मिट्टी के चिलम और 30,890 रुपये नकद बरामद किए. हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान आरोपित योगेंद्र साह घर पर नहीं मिला और फरार बताया जा रहा है.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभु भगत के अनुसार, गुरुवार सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पवनी गांव निवासी योगेंद्र साह अपने घर में गांजा छिपाकर रखता है और उसकी खरीद-बिक्री करता है. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने टीम गठित की और दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोपहर को उसके घर छापेमारी की.
दो प्लास्टिक पैकेट में छिपाकर रखा था गांजा जैसा पदार्थ
घर की तलाशी के दौरान पुलिस को काले रंग की प्लास्टिक में टेप से लपेटकर रखा 599.510 ग्राम तथा दूसरी प्लास्टिक में रखा 56.990 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ मिला. दोनों पैकेट का कुल वजन 656.5 ग्राम बताया गया है. इसके अलावा 18 मिट्टी के चिलम और 30,890 रुपये नकद भी बरामद हुए. पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया.
एनडीपीएस एक्ट में केस, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामदगी के आधार पर योगेंद्र साह के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. छापेमारी के दौरान आरोपित के घर पर मौजूद नहीं रहने के कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी. पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है.






.png)








0 Comments