खलासी मोहल्ले में देर रात फायरिंग की चर्चा से मची दहशत, मौके से मिला खाली कारतूस ..

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के कुछ लोग शराब के नशे में थे. इसी दौरान कहासुनी बढ़ने के बाद झड़प हुई. इसके बाद गोलियां चलने की बात सामने आई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.



                           





  • पूर्व वार्ड पार्षद हीरामन राम और महेश राम के समर्थकों के बीच हुआ था विवाद, पुलिस कर रही छानबीन
  • दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ, बॉन्ड भरवाकर छोड़ा; थानाध्यक्ष बोले- अभी कुछ स्पष्ट नहीं

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ले में गुरुवार देर रात दो गुटों के बीच विवाद के बाद फायरिंग की चर्चा से इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने एक खाली कारतूस बरामद किया है. हालांकि, घटना में फायरिंग कैसे और किसने की, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

जानकारी के अनुसार, खलासी मोहल्ले में पूर्व वार्ड पार्षद हीरामन राम और महेश राम के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के कुछ लोग शराब के नशे में थे. इसी दौरान कहासुनी बढ़ने के बाद झड़प हुई. इसके बाद गोलियां चलने की बात सामने आई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

दोनों पक्षों से चार लोगों से पूछताछ

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लिया और एक खाली कारतूस बरामद किया. मामले में दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. बाद में बॉन्ड भरवाकर सभी को छोड़ दिया गया.

थानाध्यक्ष बोले- अभी कुछ स्पष्ट नहीं

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद हुआ है, लेकिन अभी तक मामले में कुछ भी स्पष्ट नहीं है. किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत भी नहीं दी गई है. इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है. थानाध्यक्ष ने कहा कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.












Post a Comment

0 Comments