आरोप है कि फोन पर धमकी देने वाले व्यक्ति ने उन्हें स्वागत रेस्टोरेंट के संचालक राहुल पांडेय से दूर रहने की चेतावनी दी थी. शुभम ने यह भी बताया है कि पूर्व में जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में उन्होंने न्यायालय में सनहा दर्ज कराया था.

- दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे चार लोग, गोली चलने से इलाके में मची अफरातफरी.
- मौके से खाली कारतूस बरामद, युवक ने लगाया हमले का आरोप; नगर थानाध्यक्ष ने गोली चलने और सीसीटीवी में वारदात कैद होने की पुष्टि की.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के धोबी घाट मोहल्ले में मंगलवार की शाम गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार लोगों द्वारा गोली चलाए जाने की बात सामने आई है. पूरी वारदात मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किया है. नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने गोली चलने की घटना और सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद होने की पुष्टि की है. पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
घटना को लेकर धोबी घाट गली नंबर पांच निवासी 26 वर्षीय शुभम तिवारी ने नगर थाने में लिखित शिकायत दी है. उन्होंने बताया है कि घटना से कुछ देर पहले उनके मोबाइल पर फोन कर गोली मारने की धमकी दी गई थी. इसके बाद जब वह अपने परिवार के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे, तभी कुछ अज्ञात लोग पहुंचे और गोली चलाकर फरार हो गए.
फोन पर धमकी मिलने के बाद गोली चलने का आरोप
शुभम तिवारी ने अपनी शिकायत में सन्नी वर्मा, राहुल पांडेय, यशवंत सिंह उर्फ छोटे समेत अन्य लोगों पर घटना में संलिप्तता की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि फोन पर धमकी देने वाले व्यक्ति ने उन्हें स्वागत रेस्टोरेंट के संचालक राहुल पांडेय से दूर रहने की चेतावनी दी थी. शुभम ने यह भी बताया है कि पूर्व में जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में उन्होंने न्यायालय में सनहा दर्ज कराया था.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद होने और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. पुलिस फुटेज के जरिए बाइक सवार लोगों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है.






.png)










0 Comments