बक्सर में मानवता शर्मसार : 13 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, पड़ोसी युवक गिरफ्तार ..

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी युवक को धर दबोचा. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. 



                             

  • -भरोसे का कत्ल: पड़ोसी ने ही मासूम को बनाया हवस का शिकार
  • -पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को चंद घंटों में किया गया गिरफ्तार

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार के बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ उसी के पड़ोसी युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

क्या है पूरा मामला?

घटना बुधवार की है. स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी पड़ोसी हैं. दोनों के परिवार सरकारी विभागों में कार्यरत हैं, जिससे दोनों परिवारों के बीच जान-पहचान थी. बुधवार की सुबह करीब 11:00 बजे आरोपी युवक ने मौका पाकर मासूम को समीप ही खंडहर में ले जाकर अ पनी हवस का शिकार बनाया.

घटना के बाद बच्ची बुरी तरह डरी और सहमी हुई थी. जब वह किसी तरह अपने घर पहुंची, तो उसने आपबीती अपने परिजनों को बताई. बेटी की बात सुनकर परिजन स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने बताया कि जैसे ही पुलिस को घटना की जानकारी मिली, तत्काल पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल जांच) के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.

इसके साथ ही, पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी युवक रवि सिंह (20 वर्ष) को धर दबोचा. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

इलाके में दहशत और गुस्सा

इस घटना ने स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है  लोगों का कहना है कि भरोसे के रिश्ते में इस तरह की दरिंदगी ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि दोषी को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जा सके.

बक्सर पुलिस ने आम जनता को भरोसा दिलाया है कि मामले में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाएगी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा.












Post a Comment

0 Comments