अब गांव के पास ही मिलेगी ग्रेजुएशन की पढ़ाई, बक्सर के 4 नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ ..

कहा कि राज्य सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी. नए महाविद्यालय खुलने से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. 


                             


  • चक्की, चौगाई, केसठ और ब्रह्मपुर में शुरू हुई पढ़ाई की नई राह
  • छात्राओं और ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ, उच्च शिक्षा होगी आसान

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के लिए बुधवार का दिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया. जिले के चक्की, चौगाई, केसठ और ब्रह्मपुर प्रखंडों में नवस्थापित चार डिग्री महाविद्यालयों का विधिवत शुभारंभ किया गया. इसके साथ ही हजारों विद्यार्थियों, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के लिए अब स्नातक की पढ़ाई अपने घर के नजदीक संभव हो सकेगी.

राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया. इसी क्रम में बक्सर जिले के चार नवस्थापित महाविद्यालयों में भी शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हुई.

जिले का मुख्य उद्घाटन समारोह केसठ प्रखंड के रघुनाथपुर पंचायत स्थित केएचके +2 उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी साहिला ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और इसे बक्सर के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी. नए महाविद्यालय खुलने से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों में कमी आएगी तथा अधिक से अधिक युवा उच्च शिक्षा से जुड़ सकेंगे.

उन्होंने सफल आयोजन के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि ये चारों डिग्री महाविद्यालय बक्सर जिले को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.













Post a Comment

0 Comments