23 रक्तवीरों ने किया महादान, रोट्रैक्ट क्लब के रक्तदान शिविर में युवाओं ने दिखाई मिसाल ..

बताया कि नियमित रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है तथा कई स्वास्थ्य संबंधी जांचें निःशुल्क हो जाती हैं. रक्तदान से पहले रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन और रक्त से जुड़ी आवश्यक संक्रमण संबंधी जांचें की जाती हैं.



                             



  • रेड क्रॉस भवन में आयोजित शिविर में रक्तदान के साथ स्वास्थ्य जांच पर भी दिया गया जोर
  • रक्तदाताओं को अंगवस्त्र और प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को रोट्रैक्ट क्लब बक्सर की ओर से रेड क्रॉस भवन में "रक्तदान महादान जीवनदान" शिविर का आयोजन किया गया. सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में 23 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई. आयोजन के दौरान रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए अधिक से अधिक युवाओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की गई.

शिविर का उद्घाटन रेड क्रॉस के चेयरमैन सुरेश अग्रवाल, रोट्रैक्ट के चेयरमैन संजय सराफ, अध्यक्ष सागर वर्मा तथा सचिव प्रीतम वर्मा ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष निर्मल सिंह सहित सौरभ तिवारी, दीपक अग्रवाल, सत्येंद्र सिंह, सुमित मानसिंघका, अनुराग मानसिंघका, रोट्रैक्ट कोषाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल, राजू वर्मा, अमित वर्मा तथा ब्लड बक्सर के प्रियेश, रविशंकर शर्मा और नसीम नायक भी मौजूद रहे.

23 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

रक्तदान शिविर में सुजीत गुप्ता, अनमोल अग्रवाल, आदिल खान, अमन अली, घनश्याम राजभर, शिवजी सिंह, मोनू कुमार वर्मा, श्रवण मिश्रा, ऋषभ जायसवाल, पप्पू पांडेय, मानस राजकुमार सहित कुल 23 लोगों ने रक्तदान किया. सभी रक्तदाताओं का आयोजकों ने उत्साहवर्धन करते हुए सम्मान भी किया.

'रक्त का कोई विकल्प नहीं'

रोट्रैक्ट के चेयरमैन संजय सराफ ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए नई जिंदगी साबित हो सकता है. उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए. उन्होंने ब्लड बक्सर की "नई सोच, नई परंपरा" मुहिम की भी सराहना की.

रक्तदान से स्वास्थ्य को भी मिलता है लाभ

रोट्रैक्ट अध्यक्ष सागर वर्मा ने बताया कि नियमित रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है तथा कई स्वास्थ्य संबंधी जांचें निःशुल्क हो जाती हैं. रक्तदान से पहले रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन और रक्त से जुड़ी आवश्यक संक्रमण संबंधी जांचें की जाती हैं, जिससे व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी मिलती है.

रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित

रोट्रैक्ट सचिव प्रीतम वर्मा ने सभी सहयोगियों, रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का प्रयास ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करना है ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके. शिविर के अंत में सभी रक्तदाताओं को अंगवस्त्र और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया.

इनका रहा विशेष योगदान

शिविर को सफल बनाने में ब्लड बक्सर तथा ब्लड बैंक के संतोष कुमार, अनुराग कुमार, अवधेश जी, मुकेश कुमार सहित सभी स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.












Post a Comment

0 Comments