कहा कि रेलवे क्रॉसिंग दोबारा कब खुलेगी, इसको लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट पहल दिखाई नहीं दे रही है. ऐसे में लोगों की सुविधा के लिए इसी वैकल्पिक मार्ग को बेहतर बनाना समय की मांग है.
- बैरिकेडिंग से ओवरलोडेड वाहनों पर रोक की कोशिश, लोगों ने सड़क चौड़ीकरण की उठाई मांग
- पांडेय पट्टी रेलवे क्रॉसिंग पर भी लगा रह रहा भीषण जाम
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग बंद होने और इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) क्षतिग्रस्त होने के बाद पांडेय पट्टी होकर इटाढ़ी रोड जाने वाला मार्ग इन दिनों जिले की सबसे बड़ी यातायात समस्याओं में बदल गया है. प्रशासन ने ओवरलोडेड वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने के उद्देश्य से इस मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे मूल समस्या का समाधान नहीं होगा. उनका मानना है कि सड़क की चौड़ाई बढ़ाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और पुलिस की नियमित तैनाती जैसे स्थायी उपाय अधिक जरूरी हैं.
दरअसल, रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बाद छोटे-बड़े सभी वाहनों का दबाव पांडेय पट्टी वाले संकरे मार्ग पर आ गया है. पहले जहां इस सड़क से सीमित संख्या में वाहन गुजरते थे, वहीं अब दिनभर ट्रक, बस, ट्रैक्टर, मालवाहक और निजी वाहन एक साथ चलने से जाम की स्थिति बनी रहती है. संकरी सड़क होने के कारण आम लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.
सड़क चौड़ीकरण की उठी मांग
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. श्रवण कुमार तिवारी ने कहा कि वर्तमान स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान ली है, जबकि जरूरत इस बात की है कि सड़क का तत्काल चौड़ीकरण कराया जाए ताकि बढ़े हुए यातायात का दबाव आसानी से संभाला जा सके.
वैकल्पिक मार्ग को बेहतर बनाने पर जोर
व्यवसायी अनुराग पांडे का कहना है कि यदि जिला प्रशासन चाहे तो सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का कार्य तत्काल शुरू कराया जा सकता है. उन्होंने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग दोबारा कब खुलेगी, इसको लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट पहल दिखाई नहीं दे रही है. ऐसे में लोगों की सुविधा के लिए इसी वैकल्पिक मार्ग को बेहतर बनाना समय की मांग है.
वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का सुझाव
नया बाजार निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि हाल ही में इसी सड़क पर दुर्घटना भी हो चुकी है. उनका कहना है कि केवल बैरिकेडिंग लगाने से समस्या समाप्त नहीं होगी. प्रशासन को सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो.
जाम से राहत के लिए पुलिस तैनाती जरूरी
उधर, पांडेय पट्टी इलाके में लगातार बढ़ रहे वाहन दबाव के कारण भीषण जाम की समस्या रोजाना देखने को मिल रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई चालक नियमों की अनदेखी करते हुए एक साथ रेलवे क्रॉसिंग की ओर वाहन बढ़ा देते हैं, जिससे कुछ ही मिनटों में लंबा जाम लग जाता है. लोगों का कहना है कि यदि इस क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की जाए और ट्रैफिक का संचालन व्यवस्थित ढंग से कराया जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.
स्थायी समाधान की मांग तेज
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग दोबारा चालू नहीं होती या आरओबी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक प्रशासन को इस वैकल्पिक मार्ग पर विशेष ध्यान देना होगा. लोगों ने सड़क चौड़ीकरण, ट्रैफिक प्रबंधन, पुलिस तैनाती और सुरक्षा उपायों को तत्काल लागू करने की मांग की है, ताकि हजारों लोगों को रोजाना हो रही परेशानी से राहत मिल सके.





.png)









0 Comments