शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह की स्मृति में चौसा में आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनकी स्मृति को स्थायी रूप देकर नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की भावना को मजबूत किया जाना चाहिए.
- सांसद की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनहित के कई प्रस्ताव रखे गए, गैस रीफिलिंग अवधि घटाने की भी उठी मांग
- समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में चौसा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए. लोकप्रिय सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में चौसा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज कुमार यादव ने क्षेत्र के विकास और आम लोगों की सुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्ताव रखे.
बैठक के दौरान डॉ. यादव ने सबसे पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले सेना मेडल से सम्मानित चौसा के वीर सपूत शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह की स्मृति में चौसा में आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनकी स्मृति को स्थायी रूप देकर नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की भावना को मजबूत किया जाना चाहिए.
इसके साथ ही उन्होंने मनेर से बक्सर तक प्रस्तावित मरीन ड्राइव परियोजना का विस्तार चौसा तक किए जाने का मुद्दा भी जोरदार ढंग से रखा. उनका कहना था कि यदि यह महत्वाकांक्षी परियोजना चौसा तक पहुंचती है तो पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी, आवागमन सुगम होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे.
बैठक में डॉ. यादव ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर की रीफिलिंग के लिए निर्धारित 45 दिनों की अनिवार्य अवधि को घटाकर 25 दिन करने की मांग की. उनका कहना था कि वर्तमान व्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक और दैनिक जीवन की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में रीफिलिंग अवधि कम किए जाने से आम लोगों को काफी राहत मिलेगी.
दिशा समिति की बैठक में रखे गए इन प्रस्तावों को क्षेत्रीय विकास, शहीद सम्मान और जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के रूप में देखा जा रहा है. उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी इन विषयों पर चर्चा की तथा संबंधित मांगों को उचित स्तर पर भेजने की बात कही.





.png)









0 Comments