तेजी से कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और मौके से पांच संदिग्ध तस्करों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 490 ग्राम ब्राउन शुगर, एक कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए.

गोपाल डेरा पोखरा के पास जुटे थे तस्कर, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
करीब एक करोड़ रुपये के नशे के सौदे से जुड़े तार, अब पूरे नेटवर्क की तलाश
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नशे के कारोबार के खिलाफ बक्सर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने तस्करों के पास से एक कार और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
सूचना मिलते ही बनी विशेष टीम, मौके पर पहुंची पुलिस
डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार ने नया भोजपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 29 जुलाई को सूचना मिली थी कि गोपाल डेरा पोखरा के समीप कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और मौके से पांच संदिग्ध तस्करों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 490 ग्राम ब्राउन शुगर, एक कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए.
बक्सर से चंपारण तक फैला है तस्करी का नेटवर्क!
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बक्सर जिले के मुंगांव निवासी सोनू कुमार, नाजीरगंज निवासी समीर शेख, चिलहरी निवासी सूर्यकांत पांडेय, भोजपुर जिले के फूहा निवासी मंजय कुमार पासवान तथा पूर्वी चंपारण जिले के रामनगर निवासी कुमार गौरव के रूप में हुई है.
पुलिस का दावा है कि शुरुआती जांच में यह मामला महज स्थानीय स्तर पर नशे की खरीद-बिक्री का नहीं, बल्कि अंतरजिला स्तर पर सक्रिय संगठित गिरोह से जुड़ा दिखाई दे रहा है. पुलिस अब आरोपितों के मोबाइल फोन और अन्य सुरागों के आधार पर इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस
एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि पुलिस अब ब्राउन शुगर के स्रोत से लेकर इसकी आपूर्ति और बिक्री तक की पूरी श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा.
नशे के खिलाफ लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई
नया भोजपुर थाना पुलिस की यह कार्रवाई हाल के दिनों में नशीले पदार्थों के खिलाफ दूसरी बड़ी सफलता बताई जा रही है. इससे पहले पुलिस ने असम के कुख्यात तस्कर प्रेम पंडित को 480 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था. उसकी निशानदेही पर सिमरी थाना क्षेत्र के दुर्गापूड़ी से एक अन्य तस्कर को भी पकड़ा गया था.
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में सक्रिय नशा तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी.





.png)









0 Comments