5 दिन... 200 खिलाड़ी... एक कोर्ट, कई सपने : बक्सर बनने जा रहा है बिहार की बैडमिंटन राजधानी ..

प्रतियोगिता के दौरान हर दिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक लगातार मुकाबले होंगे. अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ी खिताब जीतने के लिए कोर्ट पर उतरेंगे.



                             


  • 19 जुलाई से शुरू होगी राज्यस्तरीय चैंपियनशिप, अंडर-13 और अंडर-15 वर्ग के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
  • सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक चलेंगे मुकाबले, तैयारियों को लेकर इंडोर स्टेडियम में हुई अहम बैठक

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : अब सिर्फ क्रिकेट नहीं, बैडमिंटन की धमक भी बक्सर से सुनाई देगी. पांच दिनों तक शहर का इनडोर स्टेडियम शटल की रफ्तार, रैकेट की टक्कर और खिलाड़ियों के जोश का गवाह बनेगा. 19 से 23 जुलाई तक यहां राज्यस्तरीय अंडर-13 एवं अंडर-15 बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें बिहार के अलग-अलग जिलों से करीब 200 उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.

इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए गुरुवार को बक्सर डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन ने इंडोर स्टेडियम में तैयारी बैठक की. बैठक में प्रतियोगिता के हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हुई. खिलाड़ियों के स्वागत से लेकर मैच संचालन, तकनीकी व्यवस्था, आवास, भोजन और सुरक्षा तक की जिम्मेदारियां अलग-अलग टीमों को सौंपी गईं.

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्घाटन 19 जुलाई को सुबह 10 बजे जिला पदाधिकारी करेंगे. समारोह में पुलिस अधीक्षक मुख्य अतिथि और बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. इसके अलावा खेल विभाग और जिला प्रशासन के कई अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.

प्रतियोगिता के दौरान हर दिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक लगातार मुकाबले होंगे. अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ी खिताब जीतने के लिए कोर्ट पर उतरेंगे. लगातार पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन से बक्सर में खेल का माहौल और अधिक जीवंत होने की उम्मीद है.

बैठक में एसोसिएशन के सचिव उमेश कुमार सिंह, संयोजक धनंजय सिंह, संयुक्त सचिव आशुतोष राय, कोषाध्यक्ष क्रांति सिंह, संयुक्त कोषाध्यक्ष महेश कुमार व मंजीत सिंह, मीडिया प्रभारी दीपक सिंह, उपाध्यक्ष प्रवीण पोद्दार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने इसे बक्सर के खेल इतिहास का महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए सफल बनाने का संकल्प लिया.













Post a Comment

0 Comments