कार्यक्रम में जिले भर से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. विजेताओं को मेडल, प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि वक्ताओं ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

- महर्षि विश्वामित्र जिलास्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
- शिक्षा मंत्री बोले - विद्यार्थी केवल भविष्य नहीं, आज के भी जिम्मेदार नागरिक हैं
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बक्सर की ओर से महर्षि विश्वामित्र जिलास्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह सह 78वें स्थापना दिवस का आयोजन महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में उत्साह और गरिमामय माहौल में किया गया. कार्यक्रम में जिले भर से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. विजेताओं को मेडल, प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि वक्ताओं ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता विवेक पांडेय ने की, जबकि संचालन अनीश कुमार तिवारी ने किया. मुख्य अतिथि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने कहा कि विद्यार्थी केवल कल के नहीं, बल्कि आज के भी नागरिक हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा पास करना नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और व्यक्तित्व के बल पर सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की.
विशिष्ट अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो छात्रहित और राष्ट्रहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय भूमिका निभाता रहा है. उन्होंने कहा कि परिषद युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने का कार्य कर रही है.
भोजपुर विभाग के विभाग संयोजक अविनाश पांडेय ने कहा कि परिषद विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, गौरव और सामाजिक दायित्वों से भी जोड़ती है. नगर मंत्री अभिषेक गुप्ता ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों की जानकारी सफलता की कुंजी है. ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मजबूत आधार बनती हैं.
समारोह में महर्षि विश्वामित्र जिलास्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया. प्रथम पुरस्कार खुशबू कुमारी को मिला. द्वितीय पुरस्कार संयुक्त रूप से मोनू कुमार, निशु कुमारी और सत्यम कुमार को प्रदान किया गया. तृतीय पुरस्कार जय भगवान पासवान को दिया गया. सभी विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र, मेडल और पुरस्कार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं.
कार्यक्रम के अंत में प्रियांशु शुभम ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
इस अवसर पर खेलो भारत प्रांत सह संयोजक मनीष सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विराज सिंह, दुर्गेश पांडेय, राहुल कुमार, ऋषि नंदन दुबे, शुभांकित पांडेय, हिमांशु कश्यप, आदित्य गुप्ता, नंदन कुमार, सुधांशु ओझा, दीपक कुमार, अजीत सिंह, संजीत यादव, रोहित मिश्रा, अंशिका सिंह, गोल्डी मिश्रा, काजल कुमारी, अनीता कुमारी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे.




.png)









0 Comments