सोमवार की शाम हादसे के बाद कुछ लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 922 को जाम कर दिया था. सड़क पर प्रदर्शन के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.  





                             



  • एनएच 922 पर प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
  • औद्योगिक थानाध्यक्ष बोले, जाम से घंटों प्रभावित रहा यातायात

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पड़री मोड़ के समीप सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 922 को जाम कर प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. सड़क जाम करने के आरोप में करीब आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले का अनुसंधान कर रही है.

औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम हादसे के बाद कुछ लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 922 को जाम कर दिया था. सड़क पर प्रदर्शन के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. लंबे समय तक यातायात बाधित रहा.

उन्होंने बताया कि सार्वजनिक मार्ग बाधित कर आम लोगों को असुविधा पहुंचाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए करीब आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब है कि सोमवार की शाम पड़री मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर सड़क पार करने के दौरान साहोपारा गांव निवासी 45 वर्षीय मुकेश पांडेय बालू लदे वाहन की चपेट में आ गए थे. हादसे में उनकी मौत हो गई थी. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच 922 को जाम कर टायर जलाकर प्रदर्शन किया था. अब उसी मामले में पुलिस ने सड़क जाम करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.