कहा गया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
- राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला के मार्गदर्शन में पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन
- जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के राजपुर विधानसभा क्षेत्र के मुंगाव स्थित पंचायत सरकार भवन में सोमवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला के मार्गदर्शन एवं देखरेख में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए. शिविर का उद्देश्य आम लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना रहा.
शिविर में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे. संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के मिल सके. अधिकारियों ने भी आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई.
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी साहिला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने और पात्र लाभुकों तक उनका लाभ पहुंचाने पर बल दिया. साथ ही लोगों को योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें.
कार्यक्रम के दौरान कहा गया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. पंचायत सहयोग शिविर इसी सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर कई सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन कराया जाएगा, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके.





.png)









0 Comments