तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा बरामद हुआ, जबकि दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

- धरहरा बाजार में संदिग्ध गतिविधि देख ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना, सतर्कता से टली बड़ी वारदात
- पुलिस का दावा- तस्करों की रेकी कर करते थे लूटपाट, शिकायत नहीं होने का उठाते थे फायदा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सूबे में पूर्ण शराबबंदी के बीच शराब तस्करों को ही निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने किया है. धरहरा बाजार में संदिग्ध हालत में घूम रहे दो युवकों को ग्रामीणों की सतर्कता के कारण पुलिस ने पकड़ लिया. तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा बरामद हुआ, जबकि दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक उत्तर प्रदेश से बिहार में शराब लेकर आने वाले अंतरराज्यीय तस्करों की रेकी करते थे. इसके बाद सुनसान स्थानों पर उन्हें हथियार के बल पर रोककर शराब और नकदी लूट लेते थे. पुलिस का मानना है कि चूंकि शराब तस्कर खुद अवैध कारोबार में शामिल होते हैं, इसलिए वे लूट की शिकायत दर्ज नहीं कराते थे और गिरोह इसी का फायदा उठाकर लंबे समय से सक्रिय था.
चाय दुकान पर बैठना बना गिरफ्तारी की वजह
रविवार की देर शाम धरहरा बाजार स्थित एक चाय दुकान पर दोनों युवक काफी देर से बैठे हुए थे. उनकी गतिविधियां स्थानीय लोगों और दुकानदारों को संदिग्ध लगीं. ग्रामीणों ने बिना देर किए कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली.
कट्टा, दो बाइक और चार मोबाइल बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया. इसके अलावा दोनों आरोपितों के पास से दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. हथियार मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया.
भोजपुर जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोजपुर जिले के कारनामेपुर थाना क्षेत्र के देमलपुर निवासी चंदन यादव तथा नैनीजोर थाना क्षेत्र के छोटकी नैनीजोर निवासी लवकुश तिवारी के रूप में हुई है. पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
पहले से भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार लवकुश तिवारी पर पहले से शराब तस्करी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं चंदन यादव के खिलाफ भी बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गंभीर मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है. दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं. पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा गिरोह
पुलिस सूत्रों के अनुसार लगभग एक वर्ष पहले भी भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापसागर इलाके में शराब तस्करों को लूटने वाले आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. ताजा कार्रवाई से यह संकेत मिला है कि ऐसे गिरोह अब भी सक्रिय हैं और शराब तस्करों को आसान निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं.
आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में प्राथमिकी
प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पूछताछ के बाद सोमवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका और संभावित आपराधिक नेटवर्क की जांच जारी है.




.png)









0 Comments