बक्सर के छात्र ने रचा इतिहास, NEET-2026 में AIR 141 हासिल कर पूरे बिहार का बढ़ाया मान ..

कहा कि आदित्य की सफलता यह साबित करती है कि निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है. 




                             


  • हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर के आदित्य रंजन ने बोर्ड के बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा में भी लहराया परचम
  • सीबीएसई में जिले के द्वितीय टॉपर रहे छात्र ने फिजिक्स में हासिल किए थे 100 में 100 अंक

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का शानदार उदाहरण पेश करते हुए बक्सर के हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर के छात्र आदित्य रंजन ने NEET-2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 141 प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है. इस शानदार उपलब्धि से न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरा बक्सर जिला और बिहार गौरवान्वित हुआ है. छात्र की सफलता की खबर मिलते ही विद्यालय में खुशी का माहौल बन गया.

आदित्य रंजन इससे पहले सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बक्सर जिले के द्वितीय टॉपर बने थे. खास बात यह रही कि उन्होंने भौतिकी (फिजिक्स) विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर अपनी असाधारण क्षमता का परिचय दिया था. उल्लेखनीय है कि जिले का प्रथम टॉपर भी हेरिटेज स्कूल का ही छात्र था.

मेहनत और अनुशासन का मिला बड़ा पुरस्कार

विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार पाठक ने कहा कि आदित्य की सफलता यह साबित करती है कि निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी के लिए प्रेरणादायक है.

प्राचार्या और शिक्षकों ने जताई खुशी

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आदित्य रंजन को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने विश्वास जताया कि आदित्य आगे चलकर एक कुशल, संवेदनशील और समाजसेवी चिकित्सक बनकर देश की सेवा करेगा.

माता-पिता के योगदान को भी मिला सम्मान

विद्यालय परिवार ने आदित्य के माता-पिता को भी इस सफलता के लिए बधाई दी. विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चे की सफलता में परिवार के संस्कार, सहयोग और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसने उसे राष्ट्रीय स्तर पर यह मुकाम दिलाया.













Post a Comment

0 Comments