NEET पेपर लीक पर छात्रों का बिग मूव! जो दिल्ली नहीं पहुंच पा रहे वो बक्सर में निकालेंगे मार्च ..

कहा है कि जो छात्र और युवा दिल्ली नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे अपने-अपने क्षेत्रों में आंदोलन का समर्थन करें. उन्होंने बताया कि डुमरांव में सोमवार को सुबह 11 बजे नया थाना से समर्थन मार्च निकाला जाएगा. 



                             


  • जंतर-मंतर से संसद तक मार्च की तैयारी, डुमरांव में भी छात्र-युवा करेंगे प्रदर्शन
  • पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह ने युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन सोमवार को देशव्यापी स्वरूप लेने जा रहा है. 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद तक प्रस्तावित मार्च और भूख हड़ताल के समर्थन में बक्सर जिले के डुमरांव में भी छात्र-युवा सड़क पर उतरेंगे. इसको लेकर पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह ने युवाओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है.

दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के तहत छात्र-युवा संगठन कथित पेपर लीक की घटनाओं, परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर एकत्र होंगे. इसके बाद संसद तक मार्च निकालने और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने की योजना है. आयोजकों का दावा है कि देश के विभिन्न राज्यों से छात्र इस आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं.

डुमरांव से भी उठेगी छात्रों की आवाज

पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह ने जारी अपील में कहा है कि जो छात्र और युवा दिल्ली नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे अपने-अपने क्षेत्रों में आंदोलन का समर्थन करें. उन्होंने बताया कि डुमरांव में सोमवार को सुबह 11 बजे नया थाना से समर्थन मार्च निकाला जाएगा. उन्होंने अधिक से अधिक छात्र-युवाओं से इसमें भाग लेकर शिक्षा और युवाओं के भविष्य की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया.

'पेपर लीक बंद करो' बना आंदोलन का मुख्य नारा

आंदोलन का मुख्य उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक पर रोक लगाने, पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाना है. जारी पोस्टर में "पेपर लीक बंद करो", "शिक्षा नहीं बिकेगी" और "युवा एकता जिंदाबाद" जैसे नारे प्रमुखता से दिए गए हैं. साथ ही देशभर के युवाओं से इस अभियान में एकजुट होकर भागीदारी निभाने की अपील की गई है.

इन संगठनों ने किया आंदोलन का आह्वान

जारी पोस्टर के अनुसार, इस आंदोलन का आह्वान सीपीआई (माले), आइसा (AISA) और आरवाईए (RYA) की ओर से किया गया है. संगठनों ने कहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए व्यापक जनसमर्थन जरूरी है. इसी उद्देश्य से दिल्ली के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों में भी समर्थन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.













Post a Comment

0 Comments