केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की राजनीतिक मांग भी उठाई.

- शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और पेपर लीक पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
- लोकतांत्रिक आंदोलनों के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने जताई एकजुटता
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर. NEET पेपर लीक विवाद, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, CJP आंदोलन और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने बक्सर में विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की राजनीतिक मांग भी उठाई.
कार्यकर्ताओं ने कहा कि देशभर के लाखों युवा वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं. ऐसे में यदि परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो इससे छात्रों और उनके परिवारों का विश्वास प्रभावित होता है. उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए तथा पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन के अधिकार का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षा, पारदर्शिता और जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वालों की बात गंभीरता से सुनी जानी चाहिए. उन्होंने सोनम वांगचुक सहित ऐसे सभी लोगों के प्रति समर्थन व्यक्त किया जो शांतिपूर्ण तरीके से जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं.
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि यदि सरकार छात्रों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों का प्रभावी समाधान नहीं कर पाती है तो उसे जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए.
प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक मामलों की समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच, छात्रों के हित में ठोस सुधार लागू करने तथा लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलनों का सम्मान करने की मांग दोहराई.
इस मौके पर जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा, महिला शक्ति की जिला अध्यक्ष रश्मि चौबे, जिला महासचिव रंजीत कुमार, जिला प्रवक्ता शुभम उपाध्याय, जिला संगठन मंत्री भगवान राम, अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, जिला सचिव ब्रजेश कुमार, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बबलू ठाकुर, विमल जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.




.png)









0 Comments