वीडियो : बक्सर में दिल्ली का कुख्यात वाहन चोर गिरफ्तार, बिना चाबी के गाड़ी स्टार्ट कर पुलिस को किया हैरान ..

गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली का कुख्यात वाहन चोर गिरोह बक्सर पहुंचा है और स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर वाहन चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है. 

 



                             



- बक्सर रेलवे स्टेशन रोड के होटल से हुआ गिरफ्तार 

- अन्य साथियों के साथ मिलकर बक्सर में भी चल रहा था गैंग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के कुख्यात वाहन चोर गिरोह के सरगना समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित एक होटल में छापेमारी कर तीनों को दबोचा. उनके पास से मास्टर चाबी, पिलास, पेचकस और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले अन्य विशेष औजार बरामद किए गए हैं. पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली का कुख्यात वाहन चोर गिरोह बक्सर पहुंचा है और स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर वाहन चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अप्सरा होटल में छापेमारी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वर्तमान में दिल्ली में रहने वाले तथा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के टोड़ी गांव निवासी रवि चौहान, वैशाली जिले के तेजपुरवा गांव निवासी मो. रेहान तथा वैशाली जिले के वस्तीसरसिकान गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान इनके कब्जे से मास्टर चाबी, पिलास, पेचकस और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए.

बक्सर में वाहन चोरी की थी तैयारी

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बक्सर गोलम्बर निवासी एक स्थानीय सहयोगी की मदद से शहर में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले थे. पुलिस अब इस गिरोह के स्थानीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है.

दिल्ली में कई मामलों में जा चुका है जेल

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना रवि चौहान दिल्ली में वाहन चोरी के कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के लिए अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर रही है.

बिना चाबी के गाड़ी स्टार्ट कर दिखाया

पूछताछ के दौरान टाउन थाने में आरोपित रवि चौहान से वाहन चोरी की तकनीक दिखाने को कहा गया. उसने कुछ ही मिनटों में बिना मूल चाबी के वाहन का लॉक खोल दिया और विशेष उपकरण की मदद से इग्निशन ऑन कर गाड़ी स्टार्ट कर दी. यह देखकर मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी और जवान भी हैरान रह गए.

पुलिस कर रही है गहन जांच

पुलिस का कहना है कि बरामद औजारों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी. साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, स्थानीय संपर्कों और वाहन चोरी के पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है. पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है.

वीडियो : 















Post a Comment

0 Comments