अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह कचरा फेंका जाता रहेगा. पांडेय पट्टी में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है. आबादी के आसपास कचरा जमा होने से लोगों को दुर्गंध के साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी सताने लगा है.

- वार्ड संख्या 10 में यत्र-तत्र फेंका जा रहा कचरा, दुर्गंध और मक्खियों के प्रकोप से लोग बेहाल
- डंपिंग जोन के लिए अब तक तय नहीं हुई जगह, शिकायतों के बावजूद नगर परिषद बेखबर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के पांडेय पट्टी वार्ड संख्या 10 में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था लोगों के लिए मुसीबत बन गई है. नगर परिषद की ओर से अब तक कचरा डंपिंग के लिए किसी स्थान का विधिवत निर्धारण नहीं किया गया है. इसके चलते नगर क्षेत्र में यत्र-तत्र कचरा डंप किया जा रहा है. पांडेय पट्टी में भी दो-तीन स्थानों पर लगातार कचरा जमा किए जाने से आसपास रहने वाले लोगों का जीवन दुश्वार हो गया है.
कचरे के ढेर से उठ रही तेज दुर्गंध ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. वहीं, गंदगी के कारण मक्खियों का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है. स्थिति यह है कि आसपास रहने वाले लोगों को घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने के बाद भी दुर्गंध से राहत नहीं मिल रही है. बारिश के बाद समस्या और विकराल हो जाती है. कचरे के ढेर में जमा पानी और सड़ रहे कचरे से उठती बदबू लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है.
डंपिंग जोन तय नहीं, जहां जगह मिली वहीं कचरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से जब तक कचरा डंप करने के लिए कोई स्थायी स्थान निर्धारित नहीं किया जाता, तब तक नगर के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह कचरा फेंका जाता रहेगा. पांडेय पट्टी में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है. आबादी के आसपास कचरा जमा होने से लोगों को दुर्गंध के साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी सताने लगा है.
शिकायतों के बाद भी नहीं बदली तस्वीर
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर वार्ड पार्षद से लेकर नगर परिषद के अधिकारियों तक शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. लोगों का कहना है कि कचरा जमा होने वाले स्थानों पर नियमित रूप से कीटनाशक पाउडर, चूना या अन्य दवा का छिड़काव तक नहीं कराया जा रहा है. इससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है.
स्थानीय निवासी अभय पांडेय, अजय गुप्ता समेत अन्य लोगों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि आबादी के बीच बिना किसी निर्धारित व्यवस्था के कचरा डंप किया जाना लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है. नगर परिषद को तत्काल कचरे का उठाव कराने के साथ ही डंपिंग के लिए स्थायी स्थान निर्धारित करना चाहिए.
समाधान नहीं हुआ तो डीएम-सीएम तक पहुंचाएंगे मामला
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इस मामले को जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा. लोगों का कहना है कि नगर परिषद को केवल कचरा उठाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसके निस्तारण की भी स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि आबादी वाले इलाकों को कचरे के ढेर में तब्दील होने से बचाया जा सके.
अधिकारी बोले- मामला संज्ञान में नहीं
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋत्विक कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है. उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मामले को दिखवाएंगे और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.





.png)









0 Comments