सैरात बंदोबस्ती, सीसीटीवी कैमरों के विस्तार एवं मरम्मत, होल्डिंग विज्ञापन एजेंसी के चयन और जलकर वसूली जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई. नल-जल योजनाओं के बेहतर संचालन को लेकर भी आवश्यक रणनीति तैयार की गई.

- जर्जर नल-जल व्यवस्था को सुधारने का बना रोडमैप, चार सड़क-नाला योजनाओं पर भी लगी मुहर
- सीसीटीवी से लेकर जलकर वसूली तक पर लिया गया फैसला, पौधरोपण और स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के चौसा नगर पंचायत में मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक सिर्फ कागजी फैसलों तक सीमित नहीं रही, बल्कि नगरवासियों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर निर्णय लिए गए. सबसे बड़ा फोकस पेयजल व्यवस्था को लेकर रहा. जर्जर नल-जल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नया रोडमैप तैयार करने और जरूरत के अनुसार अलग-अलग वार्डों में वाटर स्टैंड पोस्ट लगाने की स्वीकृति दी गई.
पानी के बाद सड़क और नाला भी एजेंडे में
नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष किरण देवी की अध्यक्षता में आयोजित सशक्त एवं सामान्य बोर्ड की बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने किया. पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के बाद मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत चार महत्वपूर्ण सड़क एवं नाला निर्माण योजनाओं को हरी झंडी दी गई.
इनमें वार्ड संख्या-4 में नगर पंचायत कार्यालय से स्टेशन रोड तक पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण, शेरशाहगढ़ से कर्मनाशा नदी तक सड़क एवं नाला निर्माण, वार्ड संख्या-11 एवं 13 में मंटू राइस मिल से रामधीरज कोहार के घर होते हुए कनकनारायणपुर मध्य विद्यालय तक पीसीसी सड़क तथा वार्ड संख्या-12 में बक्सर-सासाराम मुख्य पथ से बाबा लिंक पथ होते हुए अखौरीपुर मध्य विद्यालय तक पीसीसी सड़क एवं नाला स्लैब निर्माण शामिल है.
शहर की निगरानी और राजस्व पर भी नजर
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की सैरात बंदोबस्ती, सीसीटीवी कैमरों के विस्तार एवं मरम्मत, होल्डिंग विज्ञापन एजेंसी के चयन और जलकर वसूली जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई. नल-जल योजनाओं के बेहतर संचालन को लेकर भी आवश्यक रणनीति तैयार की गई.
नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश के अनुसार 15 लाख रुपये तक की विभागीय योजनाओं के निष्पादन पर सहमति बनी. इसके अलावा नगर में चलने वाले पौधरोपण अभियान और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई.
अध्यक्ष ने बताया प्राथमिकता
अध्यक्ष किरण देवी ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है. वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों को जल्द धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
बैठक में उप मुख्य पार्षद सरिता देवी, हृदय नरायन सिंह, छोटे लाल चौधरी, रंजू कुमारी, दिनेश यादव, ललिता देवी, शैल देवी, नयनतारा देवी, चन्दन चौधरी, साजिदा, पार्वती देवी, आनन्द कुमार रावत, स्वच्छता पदाधिकारी मो अरसद हैदर नकवी, प्रधान लिपिक सत्य प्रकाश समेत सभी वार्ड पार्षद एवं नगर पंचायत के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.





.png)









0 Comments