बक्सर में युवा राजद का ‘हल्लाबोल’, 10 मांगों पर सरकार को घेरा; रोजगार-पेपर लीक से महंगाई तक उठी आवाज ..

10 सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया. इनमें युवाओं को रोजगार और स्थायी नौकरी, पेपर लीक पर रोक, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रावास की व्यवस्था प्रमुख रही. 






                             



- ज्योति प्रकाश चौक पर धरना के बाद पैदल मार्च, युवाओं के लिए स्थायी नौकरी और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग
- सत्येंद्र आजाद बोले- बेरोजगारी, महंगाई और पलायन से जूझ रहे युवा; शेषनाथ सिंह ने पेपर लीक को लेकर सरकार पर साधा निशाना

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : युवाओं, छात्रों, किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को बक्सर में युवा राष्ट्रीय जनता दल ने जोरदार तरीके से आवाज बुलंद की. ज्योति चौक पर युवा राजद की ओर से एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना दिया गया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर अपनी मांगों और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा राजद जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार आजाद ने की, जबकि राजद के मुख्य विंग के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह की मौजूदगी में संचालन मनाजी यादव ने किया.

युवा राजद ने धरना के दौरान 10 सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया. इनमें युवाओं को रोजगार और स्थायी नौकरी, पेपर लीक पर रोक, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रावास की व्यवस्था प्रमुख रही. इसके साथ ही बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, महंगाई पर रोक, पलायन की समस्या का स्थायी समाधान और छात्र-नौजवानों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग की गई.

रोजगार से लेकर किसान-मजदूरों के सम्मान तक उठी आवाज

प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य, खेल और तकनीकी शिक्षा के विस्तार के साथ किसान-मजदूरों के हक और सम्मान की गारंटी की भी मांग की. युवा राजद नेताओं ने भ्रष्टाचार मुक्त बिहार और बेहतर शासन को आम लोगों का अधिकार बताया.

धरना को संबोधित करते हुए युवा राजद जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार आजाद ने कहा कि छात्र, युवा, किसान, मजदूर और आम आदमी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं. उन्होंने बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों का समाधान सिर्फ घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस कदम उठाकर किया जाना चाहिए.

राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य स्तर पर भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि पेपर लीक करने वालों तक व्यवस्था की पहुंच क्यों नहीं हो पा रही है और ऐसे मामलों में कार्रवाई को लेकर पारदर्शिता क्यों नहीं है.

झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती ने छात्रों और युवाओं के आंदोलनों का जिक्र करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ कथित बल प्रयोग की निंदा की और कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए.

इन नेताओं की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव निर्मल कुशवाहा, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती, पूर्व प्रदेश महासचिव अखिलेश यादव, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बबलू यादव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष इफ्तखार अहमद, महिला सेल की जिलाध्यक्ष पूजा कुमारी, सरोज राजभर, अजीत राम, सुधीर गुप्ता, मनोज ठाकुर, रामशंकर कुशवाहा, ओमप्रकाश, माली भारत राय, जवाहर पासवान, आजाद खान, राजेश यादव, ददन पासवान, राजू पासवान, गुड्डू राज, राजीव कुमार सिंह, रामेश्वर सिंह और इंदल सिंह मुखिया समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.












Post a Comment

0 Comments