कहा कि रोटरी क्लब बक्सर इस बार सामाजिक सरोकारों को नई ऊंचाई देने की दिशा में काम करेगा. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण क्लब की प्राथमिकता में शामिल हैं.

- 45वें इंस्टालेशन से पहले नए सत्र का रोडमैप जारी, स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
- ग्रामीण स्कूल गोद लेने से लेकर हर खुशी के मौके पर पौधरोपण तक की बनी कार्ययोजना
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर में वर्षों से सेवा कार्यों के लिए पहचान बना चुका रोटरी क्लब अब अपनी गतिविधियों का दायरा गांवों तक बढ़ाने जा रहा है. नए सत्र 2026-27 के लिए क्लब ने ब्लड बैंक की स्थापना, ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर, महिला सशक्तिकरण, स्कूल गोद लेने और पर्यावरण संरक्षण जैसे कई महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों की घोषणा की है. इन योजनाओं के जरिए हजारों लोगों तक सीधे लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
45वें इंस्टालेशन समारोह से पूर्व नया बाजार स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अन्नू नारंग ने कहा कि रोटरी क्लब बक्सर इस बार सामाजिक सरोकारों को नई ऊंचाई देने की दिशा में काम करेगा. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण क्लब की प्राथमिकता में शामिल हैं तथा इन क्षेत्रों में कई नई पहल जल्द शुरू होंगी.
ब्लड बैंक बनेगा बड़ी उपलब्धि
अन्नू नारंग ने बताया कि प्रताप सागर में संचालित डायलिसिस सेंटर और डुमरांव स्थित आई हॉस्पिटल की सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी. इसके साथ ही बक्सर में ब्लड बैंक शुरू करने की तैयारी भी अंतिम चरण में है. इसके शुरू होने के बाद जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में काफी सुविधा होगी.
महिला प्रशिक्षण केंद्र का होगा विस्तार
उन्होंने सिविल लाइन स्थित सहेली भवन में संचालित महिला प्रशिक्षण केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि यहां हर वर्ष सैकड़ों महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है. आने वाले समय में इस केंद्र की गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाएगा ताकि अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके.
गांवों तक पहुंचेगी रोटरी की मुहिम
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन निर्मल कुमार ने कहा कि अब रोटरी की गतिविधियां केवल शहर तक सीमित नहीं रहेंगी. ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाएंगी. उन्होंने बताया कि क्लब एक ग्रामीण विद्यालय को गोद लेकर उसके समग्र विकास के लिए कार्य करेगा.
हर महीने लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
निर्मल कुमार ने बताया कि प्रत्येक माह आयोजित होने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर अब गांवों में भी लगाए जाएंगे. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके आसपास ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
जन्मदिन और वर्षगांठ पर होगा पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी क्लब ने नई पहल की है. 1 जुलाई 2026 से प्रत्येक सदस्य अपने जन्मदिन या विवाह वर्षगांठ पर एक पौधा लगाएगा और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएगा. क्लब का मानना है कि यह अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
सेवा प्रकल्पों में जुड़ेंगे आधुनिक संसाधन
असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन टी.एन. चौबे ने कहा कि आई हॉस्पिटल, महिला प्रशिक्षण केंद्र और डायलिसिस सेंटर में पुराने उपकरणों को आधुनिक संसाधनों से बदला जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि जिले में एक और आई हॉस्पिटल स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे नेत्र चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा.
प्रेसवार्ता में रोटेरियन प्रदीप जायसवाल, सचिव मनोज वर्मा, डॉ. दिलशाद आलम, मीना सिंह, सुनीता सिंह, राजकुमार सिंह, दीपक अग्रवाल, एस.एम. साहिल, सौरभ तिवारी, राजेश केशरी, मनीष पांडेय, मंजेश केसरी, आर. राघवन सहित रोटरी क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे. नई कार्ययोजना से साफ है कि आगामी सत्र में रोटरी क्लब बक्सर सामाजिक सेवा के क्षेत्र में पहले से अधिक व्यापक और प्रभावी भूमिका निभाने की तैयारी में है.




.png)









0 Comments