स्कूल जा रहे शिक्षकों के ऑटो को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, छह घायल ..

टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर तीन बार पलटते हुए सड़क के बीच बने डिवाइडर पर जा चढ़ा. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया. 



                             


  • चुरामनपुर के पास फोरलेन पर हुआ हादसा, दो शिक्षिकाओं को हायर सेंटर रेफर
  • वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर शुरू की जांच

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर गांव के समीप सोमवार की सुबह फोरलेन पर स्कूल जा रहे शिक्षकों से भरे रिजर्व ऑटो को पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी. हादसे में छह शिक्षक घायल हो गए, जिनमें दो शिक्षिकाओं की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया. दुर्घटना के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे जिला मुख्यालय से 10 शिक्षक रिजर्व ऑटो से सिमरी स्थित अपने विद्यालयों के लिए जा रहे थे. ऑटो में सिमरी प्लस-2 उच्च विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सीमा ओझा, शिक्षक सत्यम चौबे, शिक्षिका अल्पना राय तथा मध्य विद्यालय खैरा के शिक्षक हरेंद्र राम, शिक्षिका शालू ओझा और शिक्षिका अंशिका सहित अन्य शिक्षक सवार थे. जैसे ही ऑटो चुरामनपुर गांव के पास पहुंचा, पीछे से आ रही काले रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर तीन बार पलटते हुए सड़क के बीच बने डिवाइडर पर जा चढ़ा. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया. सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

शिक्षक अखिलेश पांडे ने बताया कि दुर्घटना में सीमा ओझा, सत्यम चौबे, अल्पना राय, हरेंद्र राम, शालू ओझा और अंशिका घायल हुए हैं. इनमें सीमा ओझा और शालू ओझा को गंभीर चोटें आई हैं. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही फरार चालक की तलाश में जुटी है.













Post a Comment

0 Comments