गोलंबर स्थित हनुमान मंदिर के समीप दीप प्रज्वलित कर रथयात्रा को रवाना किया गया. श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथ की रस्सी खींचकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया. धार्मिक मान्यता के अनुसार रथ की रस्सी खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है.
- इस्कॉन बक्सर के तत्वावधान में निकली रथयात्रा, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान का रथ
- सांसद सुधाकर सिंह ने झाड़ू लगाकर किया सेवा कार्य, पुष्पवर्षा और महाप्रसाद के साथ संपन्न हुआ आयोजन
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा शुक्रवार को बक्सर की सड़कों पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच निकाली गई. इस्कॉन बक्सर के तत्वावधान में आयोजित रथयात्रा में शहर ही नहीं, आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. "हरे कृष्ण, हरे राम" के गगनभेदी जयघोष, संकीर्तन और भजनों से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया.
रथयात्रा का शुभारंभ इस्कॉन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ. भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा को आकर्षक ढंग से सजे रथ पर विराजमान कराया गया. गोलंबर स्थित हनुमान मंदिर के समीप दीप प्रज्वलित कर रथयात्रा को रवाना किया गया. श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथ की रस्सी खींचकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया. धार्मिक मान्यता के अनुसार रथ की रस्सी खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है.
सांसद ने निभाई सेवा की परंपरा
रथयात्रा में बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह भी शामिल हुए. उन्होंने यात्रा मार्ग पर झाड़ू लगाकर सेवा कार्य किया और भगवान जगन्नाथ की आरती उतारी. इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की.
पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
रथयात्रा के शुभारंभ के अवसर पर रोहतास गोयल, राजा गोविंद दास, डॉ. रमेश कुमार, शशिकांत सिंह, हरि प्रेम जी और जीउतमुनि उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर रथ को रवाना किया. यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया. अंत में गोयल धर्मशाला में महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
प्रेम और सद्भाव का दिया संदेश
इस्कॉन बक्सर के संस्थापक राजा गोविंद दास ने कहा कि रथयात्रा का उद्देश्य समाज में प्रेम, भाईचारा, आध्यात्मिक चेतना और भगवान के प्रति अटूट भक्ति का संदेश फैलाना है. डॉ. रमेश कुमार ने इसे धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव का भी प्रतीक बताया. गंगा पुत्र त्रिदंडी स्वामी महाराज ने कहा कि यह बहुत ही सुखद है कि बक्सर में रथ यात्रा निकाली गई, निश्चय ही बिहार यूपी के साथ ही देश के अन्य स्थानों पर रथ यात्रा निकलनी चाहिए. वहीं भाजपा नेता सुशील राय ने कहा कि रथ यात्रा का आयोजन बक्सर में एक सुखद अनुभव है. यह बड़े ही सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस यात्रा का हिस्सा बनने का मौका मिला.
महिलाओं की रही उल्लेखनीय भागीदारी
पूरे आयोजन के दौरान इस्कॉन के भक्तों ने संकीर्तन और भजन प्रस्तुत किए, जबकि गंगापुत्र त्रिदंडी स्वामी महाराज ने भगवान जगन्नाथ की महिमा पर प्रवचन दिया. पटना इस्कॉन के कृष्ण कृपा दास सहित कई वरिष्ठ भक्त भी मौजूद रहे. महिलाओं ने रथ खींचने, भजन-कीर्तन, महाप्रसाद वितरण और अन्य सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया. श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक उल्लास से भरपूर इस आयोजन ने बक्सर में धार्मिक समरसता और सामाजिक सौहार्द का प्रेरक संदेश दिया.
वीडियो :





.png)












0 Comments