चाय की गुमटी के ऊपर छिपा था ‘नशे का खेल’! 15 पुड़िया हेरोइन और तराजू बरामद ...

छापेमारी कर 15 पुड़िया में रखी करीब 3 ग्राम हेरोइन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया. दुकान के अंदर नशे का सामान नहीं मिला, बल्कि चाय की गुमटी के ऊपर हेरोइन की पुड़िया और तराजू रखे मिले. 






                             


  • दुकान के अंदर नहीं मिला नशे का सामान, गुमटी की छत पर रखी थीं 15 पुड़िया
  • दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ा, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक के समीप गुरुवार रात पुलिस ने एक चाय दुकान पर छापेमारी कर 15 पुड़िया में रखी करीब 3 ग्राम हेरोइन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया. दुकान के अंदर नशे का सामान नहीं मिला, बल्कि चाय की गुमटी के ऊपर हेरोइन की पुड़िया और तराजू रखे मिले. पुलिस ने पूछताछ के लिए दुकानदार को हिरासत में लिया, लेकिन प्रथमदृष्टया उसकी संलिप्तता संदिग्ध मिलने पर उसे छोड़ दिया गया. मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है.

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 9:30 बजे नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंबेडकर चौक के पास स्थित एक चाय दुकान से हेरोइन की बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान में छापेमारी की.

दुकान के अंदर सब सामान्य, ऊपर मिला नशे का सामान

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान के अंदर तलाशी ली, लेकिन वहां कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला. इसके बाद पुलिस की नजर गुमटी के ऊपर गई, जहां 15 पुड़िया में रखी हेरोइन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ. पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन का कुल वजन करीब 3 ग्राम है.

दुकानदार को हिरासत में लेने से बढ़ा संदेह

बरामदगी के बाद पुलिस ने दुकानदार को पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लिया. हालांकि पूछताछ और मौके की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को प्रथमदृष्टया दुकानदार की संलिप्तता स्पष्ट नहीं लगी. पुलिस इस संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है कि किसी ने दुकानदार को फंसाने के लिए गुमटी के ऊपर नशीला पदार्थ और तराजू रख दिया हो.

अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी, जांच में जुटी पुलिस

थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दुकानदार से पूछताछ की गई थी, लेकिन प्रथमदृष्टया उसके खिलाफ लगाए गए आरोप सही प्रतीत नहीं हो रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बरामद हेरोइन को लेकर अज्ञात अभियुक्त के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ गुमटी के ऊपर किसने और किस उद्देश्य से रखा था।













Post a Comment

0 Comments