विद्यार्थियों पर झारखंड पुलिस के कथित लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बक्सर नगर इकाई ने शुक्रवार को वीर कुंवर सिंह चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया.

- JPSC-JSSC में कथित पेपर लीक और परीक्षा गड़बड़ी को लेकर वीर कुंवर सिंह चौक पर प्रदर्शन
- हेमंत सोरेन का पुतला फूंका, छात्रों की आवाज दबाने का लगाया आरोप
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी को लेकर छात्रों का गुस्सा अब बक्सर तक पहुंच गया है. आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों पर झारखंड पुलिस के कथित लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बक्सर नगर इकाई ने शुक्रवार को वीर कुंवर सिंह चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की मांग उठाई.
प्रदर्शन के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि परीक्षा में पारदर्शिता की मांग करने वाले छात्रों पर लाठी चलाना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता. कार्यकर्ताओं ने सरकार से छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की.
विभाग संयोजक अविनाश पाण्डेय ने कहा कि अपने अधिकारों और परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर आवाज उठाना विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को लाठी के बल पर दबाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा ने कहा कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में सामने आ रही कथित अनियमितताओं से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए. साथ ही आगामी परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित किया जाना चाहिए.
नगर मंत्री विवेक पाण्डेय ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को सुनने और समाधान करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के अधिकार और हित की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी.
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विराज सिंह ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं पर तत्काल रोक लगनी चाहिए. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिन्हित करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, ताकि छात्रों का परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा कायम रह सके.
कार्यक्रम की अध्यक्षता संजीत यादव ने की, जबकि संचालन ऋषि नंदन दुबे ने किया. कार्यक्रम के अंत में प्रियांशु शुभम ने सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया.
मौके पर खेलों भारत प्रांत सह संयोजक मनीष सिंह, हिमांशु कश्यप, दुर्गेश पांडेय, आनंद पांडेय, रोहित मिश्रा, आदित्य सिंह, निर्भय ओझा, सुधांशु ओझा, श्रीहरि पांडेय, सागर सोनी, राहुल कुमार, नंदन कुमार सहित सैकड़ों छात्र, कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे.





.png)









0 Comments