BCA-BBA में करियर बनाने का मौका! 13 अगस्त को परीक्षा, लेकिन 75% हाजिरी की शर्त नहीं भूलें ..

यहां नामांकन के बाद केवल परीक्षा देने और डिग्री लेने की व्यवस्था नहीं है. विद्यार्थियों के लिए कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी. उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली से दर्ज की जाएगी.  





                             



महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा की तैयारी पूरी, समर्थ पोर्टल पर पहली-दूसरी-तीसरी पसंद वाले अभ्यर्थी ही होंगे शामिल

सिर्फ डिग्री नहीं, नौकरी की तैयारी पर फोकस; कंप्यूटर लैब, अलग पुस्तकालय के साथ सेमिनार-वर्कशॉप भी होंगे पढ़ाई का हिस्सा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : अगर आप बीसीए या बीबीए करके तकनीकी, कॉरपोरेट, बैंकिंग या प्रबंधन के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है. महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, चरित्रवन में सत्र 2026-29 के लिए बीसीए एवं बीबीए में नामांकन की प्रवेश परीक्षा 13 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोजित होगी. परीक्षा महाविद्यालय परिसर में होगी और इसमें समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराकर महाविद्यालय को अपनी पहली, दूसरी या तीसरी पसंद बताने वाले अभ्यर्थी ही शामिल हो सकेंगे.

प्रवेश मिला तो पढ़ाई में भी रहना होगा एक्टिव

महाविद्यालय प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यहां नामांकन के बाद केवल परीक्षा देने और डिग्री लेने की व्यवस्था नहीं है. विद्यार्थियों के लिए कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी. उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली से दर्ज की जाएगी. यानी कक्षा से लगातार गायब रहने वाले विद्यार्थियों के लिए आगे की राह आसान नहीं होगी.

लैब से लेकर सेमिनार तक, पढ़ाई होगी प्रैक्टिकल

बीसीए विद्यार्थियों के लिए अलग कंप्यूटर प्रयोगशाला और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए पृथक पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध है. विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं के साथ लैब वर्क, सेमिनार, कार्यशाला और अभिमुखीकरण कार्यक्रमों में भी भाग लेना होगा. इसका उद्देश्य तकनीकी ज्ञान के साथ संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, व्यावहारिक ज्ञान और आत्मविश्वास विकसित करना है.

पूर्व विद्यार्थी एमएनसी और बैंकिंग क्षेत्र में बना रहे पहचान

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार बीसीए और बीबीए के कई पूर्व विद्यार्थी आज बहुराष्ट्रीय कंपनियों, कॉरपोरेट और बैंकिंग क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इन्हीं उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए महाविद्यालय विद्यार्थियों को रोजगार और उच्च शिक्षा के लिए तैयार करने पर जोर दे रहा है. दोनों पाठ्यक्रम एआईसीटीई से अनुमोदित हैं.

13 अगस्त को परीक्षा, संचालन की जिम्मेदारी तय

प्रवेश परीक्षा का संचालन बीसीए समन्वयक डॉ. सैकत देबनाथ के नेतृत्व में होगा. बीसीए एवं बीबीए के शिक्षक और संकाय सदस्य परीक्षा संचालन में सहयोग करेंगे. वहीं शिवम भारद्वाज प्रवेश प्रक्रिया के समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे. महाविद्यालय प्रशासन ने योग्य अभ्यर्थियों से परीक्षा में शामिल होने की अपील की है.












Post a Comment

0 Comments