सरेंजा-कोचस रोड पर पुलिस को देखते ही भागा बाइक सवार, तलाशी में निकला ब्राउन शुगर का पैकेट ..

पुलिस ने जांच के लिए रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 25.36 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया.






                             



  • 25.36 ग्राम मादक पदार्थ बरामद, होंडा बाइक भी जब्त
  • इटाढ़ी के भेलुपुर निवासी ब्रजेश चौधरी पकड़ा गया, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : सरेंजा-कोचस मार्ग पर रविवार सुबह पुलिस की वाहन जांच के दौरान उस समय हलचल मच गई, जब एक बाइक सवार पुलिस को देखते ही भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया. तलाशी ली गई तो उसके पास से 25.36 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने बाइक समेत युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:20 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से मादक पदार्थ लेकर सरेंजा से कोचस की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही एसपी बक्सर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित कर सरेंजा-कोचस मार्ग पर वाहन जांच शुरू की गई.

इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध बाइक सवार पर पड़ी. पुलिस ने जांच के लिए रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 25.36 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया.

पकड़े गए आरोपित की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के भेलुपुर गांव निवासी ब्रजेश चौधरी, पिता कामेश्वर चौधरी के रूप में हुई है. पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा बाइक को भी जब्त कर लिया है. बरामद ब्राउन शुगर की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.

अब पुलिस की नजर सिर्फ पकड़े गए युवक पर नहीं, बल्कि उस नेटवर्क पर भी है, जिससे यह मादक पदार्थ उसके पास पहुंचा. पूछताछ के आधार पर पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

कार्रवाई में एसडीपीओ गौरव पाण्डेय, राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, सब इंस्पेक्टर उमेश यादव समेत थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे.












Post a Comment

0 Comments