तिरंगे के रंग में रंगा बक्सर, डाक विभाग ने निकाली भव्य यात्रा ..

आम लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया. डाक विभाग ने लोगों से तिरंगे के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की.






                             


  • बच्चों से लेकर डाककर्मियों तक दिखा देशभक्ति का जोश, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा शहर
  • हर घर तिरंगा का दिया संदेश, राखी मेल पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट का भी ऐलान

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को बक्सर शहर देशभक्ति के रंग में नजर आया, जब डाक मंडल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से निकली इस यात्रा में डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया.

तिरंगा यात्रा बक्सर प्रधान डाकघर से शुरू हुई और शहर के प्रमुख मार्गों व बाजारों से गुजरते हुए आगे बढ़ी. हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया. भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर गूंजता रहा.

यात्रा का नेतृत्व डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने किया. इस दौरान आम लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया. डाक विभाग ने लोगों से तिरंगे के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की.

राखी भेजने पर 10 प्रतिशत की छूट

तिरंगा यात्रा के दौरान डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने डाक विभाग की जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि राखी मेल में राखी की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है. इसके जरिए लोग अपने भाई-बहनों तक राखी सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से भेज सकते हैं.

उन्होंने बताया कि डाकघरों में 250 मिलीलीटर गंगाजल 30 रुपये, राष्ट्रीय ध्वज 25 रुपये और राखी लिफाफा 10 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है.

यात्रा में सहायक डाक अधीक्षक मुख्यालय पुष्पेंद्र कुमार, शिकायत निरीक्षक आदित्य राज, बक्सर प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर प्रेम चंद कुमार समेत डाक मंडल और डाकघर के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे. विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की भागीदारी ने तिरंगा यात्रा को खास बना दिया.

डाक विभाग ने इस आयोजन के जरिए स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सम्मान और जनसेवा की भावना से जोड़ने का संदेश दिया.













Post a Comment

0 Comments