पुलिस ने आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का प्रयोग नहीं करने की अपील की है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
- स्वतंत्रता दिवस पर शहर में सख्त यातायात व्यवस्था
- कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर 15 अगस्त को बक्सर शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी. सुबह 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध और आंशिक रोक रहेगी. वहीं बड़े वाहनों के लिए सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक शहर के अंदर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. आम लोगों की सुविधा और स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह यातायात योजना लागू की गई है.
इन रास्तों से होकर चलेंगे वाहन
थाना चौक से नाथ बाबा पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित अथवा आंशिक रूप से नियंत्रित रहेगा. चार पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं.
गोलंबर से बाइपास, ज्योति चौक, आईटीआई रोड, मठिया मोड़ होते हुए दानी कुटिया तक वाहनों की आवाजाही कराई जाएगी. इसी तरह गोलंबर-बाइपास-ज्योति चौक-अंबेडकर चौक होते हुए स्टेशन जाने वाले वाहनों के लिए भी मार्ग निर्धारित किया गया है.
गोलंबर से बाइपास, ज्योति चौक होते हुए पुलिस चौकी यानी थाना चौक तक भी निर्धारित मार्ग से वाहन पहुंच सकेंगे. वहीं पांडेय पट्टी गुमटी की ओर जाने वाले वाहनों को गोलंबर-बाइपास-ज्योति चौक-अंबेडकर चौक-पांडेय पट्टी गुमटी, स्कामिनी माता मंदिर, डीएवी मोड़ होते हुए इटाढ़ी रोड की ओर भेजा जाएगा.
पार्किंग के लिए भी तय किए गए स्थान
चार पहिया, तीन पहिया वाहन एवं मोटरसाइकिल के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है. किला मैदान के उत्तरी हिस्से में पार्किंग स्टैंड बनाया गया है. किला मैदान के पश्चिमी हिस्से में केवल सरकारी वाहनों की पार्किंग होगी. इसके अलावा बाजार समिति और रजिस्ट्री कार्यालय के पास भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.
बड़े वाहनों की शहर में नो एंट्री
15 अगस्त को सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक सभी बड़े वाहनों का बक्सर शहर के अंदर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि एंबुलेंस और अति आवश्यक सेवा वाले वाहनों को नो एंट्री से छूट दी गई है.
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से अपील की गई है कि वे घर से निकलते समय अपने साथ रेलवे टिकट जरूर रखें. पुलिस ने आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का प्रयोग नहीं करने की अपील की है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
यातायात व्यवस्था को लेकर जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी.






.png)









0 Comments