कहना है कि सजग विद्यार्थियों, इतिहास प्रेमियों और विचारकों की जिम्मेदारी है कि जब भी बक्सर का उल्लेख हो, उसके साथ उसकी प्राचीन आध्यात्मिक पहचान ‘सिद्धाश्रम’ का भी उल्लेख किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस क्षेत्र की जड़ों और गौरवशाली परंपरा से परिचित रह सकें.

- ‘व्याघ्रसर’ से ‘बाघसर’, ‘बगसर’ होते हुए ‘बक्सर’ तक पहुंचा नाम, प्रशासनिक रिकॉर्ड में भी यही नाम दर्ज होता गया
- 1764 के युद्ध ने ‘बक्सर’ नाम को दुनिया के इतिहास में दिलाई पहचान, अब पौराणिक पहचान को पुनर्जीवित करने की मांग
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : अपने जिले का नाम आखिर ‘बक्सर’ कैसे पड़ा और क्या इस क्षेत्र की पहचान इससे कहीं अधिक प्राचीन एवं आध्यात्मिक नाम ‘सिद्धाश्रम’ से जुड़ी है? इन सवालों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. पंडित विनय चतुर्वेदी ने बक्सर के नाम को लेकर अपना विचार रखते हुए कहा है कि वर्तमान में प्रचलित ‘बक्सर’ नाम मूल आध्यात्मिक पहचान का अपभ्रंश रूप है और प्रशासनिक उपेक्षा के कारण आज महान तपोभूमि की पहचान उसके मूल नाम ‘सिद्धाश्रम’ के बजाय ‘बक्सर’ के रूप में हो रही है.
पंडित विनय चतुर्वेदी के अनुसार ‘सिद्धाश्रम’ शब्द आम बोलचाल में बिगड़कर ‘बक्सर’ नहीं बना. इसके पीछे एक अलग स्थानीय नाम-परंपरा रही है. उनका कहना है कि कालांतर में एक घटना से जुड़ा ‘व्याघ्रसर’ नाम स्थानीय जनमानस में प्रचलित हुआ और सदियों तक मुँह-दर-मुँह बदलते हुए यह ‘बाघसर’, ‘बगसर’ और अंततः ‘बक्सर’ के रूप में सामने आया.
अंग्रेजी दौर के रिकॉर्ड में दर्ज हुआ प्रचलित नाम
उन्होंने तर्क दिया कि 18वीं और 19वीं सदी में ईस्ट इंडिया कंपनी तथा बाद में ब्रिटिश सरकार ने जब भारत के नक्शे और प्रशासनिक रिकॉर्ड तैयार किए, तब स्थानीय स्तर पर प्रचलित नामों को ही सरकारी दस्तावेजों में दर्ज किया गया. इस प्रक्रिया में शास्त्रों और पौराणिक परंपराओं में वर्णित ‘सिद्धाश्रम’ जैसे नाम प्रशासनिक पहचान से पीछे छूटते चले गए और ‘बक्सर’ सरकारी रिकॉर्ड में स्थायी रूप से दर्ज हो गया.
इसके बाद 1764 में हुए ऐतिहासिक बक्सर युद्ध ने इस नाम को और भी व्यापक पहचान दिला दी. युद्ध के बाद ‘बक्सर’ केवल स्थानीय भूगोल का नाम नहीं रहा, बल्कि विश्व इतिहास में भी एक महत्वपूर्ण स्थान के रूप में दर्ज हो गया.
सिर्फ शहर नहीं, बड़े तपोवन से जुड़ी पहचान
पंडित विनय चतुर्वेदी का कहना है कि पौराणिक संदर्भों में ‘सिद्धाश्रम’ को केवल आज के शहर की सीमा में सीमित करके नहीं देखा जा सकता. यह एक विस्तृत तपोवन और आध्यात्मिक क्षेत्र के रूप में वर्णित रहा है. समय के साथ जंगल कम होते गए, बस्तियां विकसित हुईं और विशिष्ट स्थलों के स्थानीय नाम अधिक प्रभावी होते चले गए.
इसी क्रम में व्याघ्रसर कुंड के आसपास की पहचान स्थानीय जनजीवन में मजबूत होती गई और धीरे-धीरे प्रचलित नाम ही क्षेत्र की प्रमुख पहचान बन गया.
‘मूल पहचान को सामने लाना हमारी जिम्मेदारी’
पंडित विनय चतुर्वेदी ने कहा कि इतिहास के अलग-अलग दौर में स्थानीय इतिहास और पौराणिक धरोहरों का अपेक्षित संरक्षण नहीं हो सका. जब किसी स्थान की मूल पहचान केवल ग्रंथों तक सीमित रह जाती है और जनमानस में कोई दूसरा नाम स्थापित हो जाता है, तो मूल नाम धीरे-धीरे स्मृति से ओझल होने लगता है.
उन्होंने प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों का उदाहरण देते हुए कहा कि देश में कई स्थानों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को पुनः सामने लाने के प्रयास हो रहे हैं. ऐसे में बक्सर के संदर्भ में भी ‘सिद्धाश्रम’ की गौरवशाली आध्यात्मिक विरासत को चर्चा के केंद्र में लाने की जरूरत है.
उनका कहना है कि सजग विद्यार्थियों, इतिहास प्रेमियों और विचारकों की जिम्मेदारी है कि जब भी बक्सर का उल्लेख हो, उसके साथ उसकी प्राचीन आध्यात्मिक पहचान ‘सिद्धाश्रम’ का भी उल्लेख किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस क्षेत्र की जड़ों और गौरवशाली परंपरा से परिचित रह सकें.
इस बयान के साथ बक्सर के नामकरण को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई है कि आखिर किसी क्षेत्र की पहचान केवल सरकारी रिकॉर्ड से तय होती है या उसके पीछे छिपी पौराणिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्मृतियों को भी उतना ही महत्व मिलना चाहिए.





.png)










0 Comments