बक्सर-इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को लेकर पटरी पर आई उम्मीद, ECR GM से मिले विधायक संतोष निराला ..

वैकल्पिक मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से लोगों का समय और दूरी दोनों बढ़ रहे हैं. आगामी त्योहारों को देखते हुए आवागमन बढ़ने की संभावना है, ऐसे में क्रॉसिंग को लेकर तत्काल पहल जरूरी है.






                             



  • लंबे समय से बंद क्रॉसिंग के कारण लोगों की बढ़ी परेशानी, त्योहारों से पहले समाधान की मांग
  • रेलवे और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय का मिला आश्वासन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर :  इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग के लंबे समय से बंद रहने से परेशान लोगों को अब इसके जल्द खुलने की उम्मीद जगी है. मंगलवार को हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला ने महाप्रबंधक से उनके कार्यालय में मुलाकात कर क्रॉसिंग को जल्द से जल्द चालू कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया.

विधायक ने बताया कि क्रॉसिंग बंद होने से आम लोगों, कामकाजी लोगों और खासकर स्कूली बच्चों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. वैकल्पिक मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से लोगों का समय और दूरी दोनों बढ़ रहे हैं. आगामी त्योहारों को देखते हुए आवागमन बढ़ने की संभावना है, ऐसे में क्रॉसिंग को लेकर तत्काल पहल जरूरी है.

महाप्रबंधक ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा की. साथ ही रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के जरिए कार्य को गति देने का आश्वासन दिया. विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेगा.

गौरतलब है कि क्रॉसिंग को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर लगातार आवाज उठ रही है. इससे पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय और जन सुराज नेता अभिषेक पांडेय भी डीआरएम से मुलाकात कर क्रॉसिंग को जल्द चालू कराने की मांग कर चुके हैं. ऐसे में अब विधायक की महाप्रबंधक से मुलाकात के बाद लोगों की नजर रेलवे के अगले कदम पर टिक गई है.












Post a Comment

0 Comments