अपने निजी खर्च से अब तक हजारों नलों में टोटी लगाकर पानी की बर्बादी रोकने का प्रयास किया है. इसके साथ ही गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पानी की एक-एक बूंद बचाने का संदेश दे रहे हैं.
- हजारों नलों में अपने खर्च से लगाई टोटी, नुक्कड़ नाटक से लोगों को दे रहे जल संरक्षण का संदेश
- पौधारोपण से स्वच्छता तक लगातार सक्रिय, नगर परिषद ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जल की बर्बादी रोकने, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने की मुहिम में जुटे नगर परिषद डुमरांव के स्वच्छता अभियान एवं जल-जीवन-हरियाली अभियान के ब्रांड एंबेसडर अजय राय को सम्मानित किया गया. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर उनके समर्पण, ईमानदारी और सक्रियता की सराहना की.
अजय राय पिछले कई वर्षों से जल संरक्षण को लेकर लगातार अभियान चला रहे हैं. उन्होंने अपने निजी खर्च से अब तक हजारों नलों में टोटी लगाकर पानी की बर्बादी रोकने का प्रयास किया है. इसके साथ ही गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पानी की एक-एक बूंद बचाने का संदेश दे रहे हैं.
स्कूलों और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचा रहे संदेश
जल संरक्षण की मुहिम को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए अजय राय सरकारी और गैर सरकारी कोचिंग संस्थानों तथा स्कूलों में भी पहुंचते हैं. छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण का महत्व बताते हुए उनका प्रयास है कि बच्चों और युवाओं के माध्यम से पानी बचाने का संदेश हर घर तक पहुंचे.
पौधारोपण से पर्यावरण बचाने की पहल
जल संरक्षण के साथ अजय राय पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी सक्रिय हैं. उनके द्वारा अब तक सैकड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं. वह लोगों से पेड़ों की कटाई रोकने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने की अपील करते हैं.
स्वच्छ डुमरांव के लिए भी चला रहे अभियान
अजय राय शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हैं. वह लोगों से कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील करते हैं. उनके लगातार चल रहे अभियानों का लोगों के बीच सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है.
सम्मान ने बढ़ाई जिम्मेदारी
सम्मान मिलने के बाद अजय राय ने कहा कि नगर परिषद की ओर से मिला प्रशस्ति पत्र उनके लिए खुशी और गर्व का विषय है. यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ाता है. जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
प्रयासों को बताया प्रेरणादायक
कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने कहा कि अजय राय लंबे समय से जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं. अपने स्तर पर पानी की बर्बादी रोकने और लोगों को जागरूक करने के उनके प्रयास सराहनीय एवं प्रेरणादायक हैं. इसी सक्रियता को देखते हुए नगर परिषद की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
सम्मान मिलने के बाद अजय राय ने इन अभियानों को भविष्य में और व्यापक स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया.






.png)










0 Comments