अस्पताल परिसर में ताला बंद घर बना चोरों का निशाना, लाखों के गहने और नकदी ले उड़े ..

चोरों ने अलमारी में रखे बैग से करीब एक से डेढ़ लाख रुपये नकद निकाल लिए. इसके अलावा दिवंगत पत्नी की याद में रखे गए करीब पांच से छह लाख रुपये मूल्य के सोने के चार-पांच सेट गहने और पांच चांदी के सिक्के भी चोर ले गए.
दरवाजेका टूटा ताला





                             


  • दो अलमारियों के ताले तोड़कर चोरों ने उड़ाई करीब डेढ़ लाख की नकदी, पांच-छह लाख के सोने के गहने भी गायब
  • पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से ब्लेड, लोहे की रॉड, मोमबत्ती और माचिस बरामद की, परिसर में नशेड़ियों के जमावड़े पर उठे सवाल

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पुराने सदर अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने स्वास्थ्यकर्मी के सरकारी आवास को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. सोमवार शाम घर में ताला लगाकर पैतृक गांव गए स्वास्थ्यकर्मी मंगलवार सुबह लौटे तो दरवाजे की कुंडी टूटी मिली. अंदर पहुंचने पर घर का सामान बिखरा था और दोनों लोहे की अलमारियों के ताले टूटे हुए थे. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, डायल 112 और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची.

बिखरा सामान 

सदर अस्पताल में ड्रेसर के पद पर कार्यरत रामजी राम ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे वह अपने बेटे के साथ आवास में ताला लगाकर राजपुर थाना क्षेत्र के जमौली स्थित पैतृक गांव चले गए थे. मंगलवार सुबह करीब दस बजे वापस लौटे तो चोरी का पता चला. चोरों ने अलमारी में रखे बैग से करीब एक से डेढ़ लाख रुपये नकद निकाल लिए. इसके अलावा दिवंगत पत्नी की याद में रखे गए करीब पांच से छह लाख रुपये मूल्य के सोने के चार-पांच जोड़े गहने और पांच चांदी के सिक्के भी चोर ले गए.

जानकारी देते गृहस्वामी के पुत्र व अन्य

चोर एटीएम कार्ड के साथ कुछ जरूरी सरकारी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए हैं. पुलिस की जांच के दौरान घटनास्थल से ब्लेड, लोहे की रॉड, मोमबत्ती और माचिस बरामद हुई है. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं.

रामजी राम ने बताया कि वह करीब 35 वर्षों से सदर अस्पताल में कार्यरत हैं और पिछले 15 वर्षों से इसी सरकारी आवास में रह रहे हैं. उनके अनुसार, इतने लंबे समय में पहली बार उनके घर में इतनी बड़ी चोरी हुई है.

इधर, उनके पुत्र आशुतोष कुमार ने अस्पताल परिसर में असामाजिक तत्वों और नशा करने वाले लोगों के जमावड़े पर चिंता जताई है. उन्होंने आशंका जताई कि चोरी की घटना को स्थानीय स्तर के लोगों ने अंजाम दिया हो सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है.













Post a Comment

0 Comments