आयोजित समारोह में जिलेभर से हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे जुटे. कार्यक्रम में समाज के हक-अधिकार, जाति प्रमाण पत्र की समस्या, जनजातीय विकास और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे.
![]() |
| कार्यक्रम में मौजूद अतिथि |
- जाति प्रमाण पत्र से अधिकार तक. मंच से नेताओं ने दिया समाधान का भरोसा
- नीलांबर-पीतांबर को नमन, पौधा-अंगवस्त्र से सम्मान. विश्व आदिवासी दिवस पर दिखी समाज की एकजुटता
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : विश्व आदिवासी दिवस पर रविवार को बक्सर में खरवार समाज की एकजुटता और ताकत का बड़ा नजारा देखने को मिला. युवा खरवार महासभा बिहार की जिला इकाई बक्सर की ओर से आयोजित समारोह में जिलेभर से हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे जुटे. कार्यक्रम में समाज के हक-अधिकार, जाति प्रमाण पत्र की समस्या, जनजातीय विकास और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा खरवार महासभा बिहार के जिला अध्यक्ष परमानंद खरवार ने की, जबकि संचालन प्रदीप खरवार ने किया. मुख्य अतिथि रामगढ़ के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि डुमरांव विधायक राहुल सिंह, बिहार राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार, बक्सर नगर परिषद अध्यक्ष कैमरुन निशा, चौसा नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. मनोज यादव और युवा खरवार महासभा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया.
इसके बाद सभी अतिथियों ने प्रथम स्वतंत्रता सेनानी नीलांबर-पीतांबर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान आदिवासी समाज के संघर्ष, बलिदान और देश की आजादी में योगदान को याद किया गया.
हक-अधिकार के मुद्दे पर पूर्व विधायक ने दिया बड़ा भरोसा.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अशोक कुमार सिंह ने खरवार समाज की समस्याओं को लेकर सरकार के स्तर पर पहल करने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि खरवार समाज के हक और अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर वे मुख्यमंत्री से मिलेंगे और समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास करेंगे.
उनके इस बयान के बाद समारोह में मौजूद लोगों ने समर्थन जताया. समाज के लोगों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान सरकार के स्तर पर होना जरूरी है.
जाति प्रमाण पत्र की समस्या पर विधायक ने साधा निशाना.
डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने बक्सर जिले में खरवार समाज के जाति प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्या का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी से मिलकर समस्या के शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा.
वहीं बक्सर नगर परिषद अध्यक्ष कैमरुन निशा और चौसा नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. मनोज यादव ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य से खरवार समाज के साथ मजबूती से खड़े रहने और सरकार स्तर पर सहयोग दिलाने की अपील की.
जनजाति आयोग बोला- समस्या समाधान और विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध.
बिहार राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार ने कहा कि बिहार सरकार जनजातीय समाज की समस्याओं के समाधान और विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने समाज के लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और संगठित होकर अपनी बात रखने का संदेश दिया.
पौधा देकर सम्मान, पर्यावरण बचाने की भी अपील.
युवा खरवार महासभा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने खरवार समाज से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके समाधान के लिए सरकार से पहल करने का आग्रह किया. उन्होंने समारोह में मौजूद हजारों लोगों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की.
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को आदिवासी अंगवस्त्र, पगड़ी और पौधा देकर सम्मानित किया गया. सम्मान के इस अंदाज ने समारोह में सामाजिक सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.
कई राजनीतिक और सामाजिक चेहरे रहे मौजूद.
समारोह में बिझौरा पंचायत के मुखिया पिंटू यादव, हकीमपुर पंचायत के मुखिया विनोद सिंह, जदयू जिला उपाध्यक्ष मार्कंडेय पटेल, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष श्रवण तिवारी, भाजपा नेता एवं महामंत्री धनंजय निर्गुण, हम जिला अध्यक्ष ऋषि राय, जदयू नगर अध्यक्ष संजय समेत कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
हजारों की मौजूदगी ने बढ़ाया आयोजन का कद.
विश्व आदिवासी दिवस समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खरवार समाज के लोग पहुंचे. महिला, पुरुष और बच्चों की हजारों की संख्या में मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया. वक्ताओं ने आदिवासी समाज के इतिहास, संघर्ष और देश के विकास में योगदान पर प्रकाश डाला.
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष परमानंद खरवार, उपाध्यक्ष नंदू खरवार, सचिव सोनी खरवार, महासचिव शैलेश खरवार, प्रखंड अध्यक्ष नारायण खरवार, सुनील खरवार, मुन्ना खरवार, दीपक खरवार, दिनेश खरवार और मनीष खरवार समेत महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका रही.






.png)










0 Comments