जासो रोड के सवाल पर घिरे विधायक आनंद मिश्र, बोले- दस साल के पाप धोने में दस महीने कम ..

कहा कि सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उनसे किया जाना चाहिए, जो पिछले दस वर्षों से सत्ता में थे अथवा जिन्होंने गड्ढे खोदे थे. उन्होंने कहा कि दस साल के पाप को धोने के लिए दस महीने का समय कम है. 




                             



- सड़क की बदहाली पर सवाल हुआ तो पहले बोले- सवाल पूछने वालों की दुर्दशा ज्यादा, फिर संभलते हुए पूर्व के जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना
- कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा- झुंझलाहट में आ रहे विधायक, जनता समझ चुकी है सच्चाई

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : नगर के गोलंबर से जासो-जगदीशपुर होते हुए डुमरांव तक जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर अब सियासत भी गरमाने लगी है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और बिगड़ती स्थिति को लेकर जब सदर विधायक आनंद मिश्र से किसी व्यक्ति ने सवाल किया कि जासो रोड की बड़ी दुर्दशा है तो विधायक इस सवाल से कुछ विचलित नजर आए. उन्होंने कहा कि सड़क की दुर्दशा से ज्यादा दुर्दशा उनकी है, जो उनसे यह सवाल पूछ रहे हैं. हालांकि बाद में उन्होंने खुद को संभालते हुए पूर्व के जनप्रतिनिधियों पर बिना नाम लिए निशाना साधा.

विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उनसे किया जाना चाहिए, जो पिछले दस वर्षों से सत्ता में थे अथवा जिन्होंने गड्ढे खोदे थे. उन्होंने कहा कि दस साल के पाप को धोने के लिए दस महीने का समय कम है. उन्होंने  कहा कि इस सड़क को लेकर राजनीति की जा रही है. जब यह सड़क बन जाएगी तो देखियेगा कौन - कौन लोग सामने आते हैं. विधायक के इस बयान को लेकर अब विपक्ष ने भी हमला तेज कर दिया है.

विधायक के झूठ को समझ चुकी है जनता 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने विधायक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विधायक जिस तरह लगातार श्रेय लेने की राजनीति करते रहे हैं और अपने बोलने के अंदाज के कारण हमेशा चर्चा में रहे हैं, उससे बक्सर की जनता अब उन्हें समझ चुकी है. पहले तो विधायक ने कहा कहा था कि जीतते ही सबसे पहला काम इस सड़क को बनवाने का करूंगा, पर दस माह में भी जब यह नहीं हो सका. ऐसे में अब शायद विधायक को भी यह एहसास हो गया है कि अब उनके झूठ और दावों की सच्चाई जनता के सामने पकड़ में आ रही है. यही वजह है कि सवालों का जवाब देने के बजाय वे झुंझलाहट में आ जा रहे हैं.

विधायक ने जनता को छोड़ा भगवान भरोसे 

विधायक आनन्द मिश्र बक्सर की जनता को भगवान भरोसे छोड़ चुके हैं सड़क अगर प्रक्रिया के अनुसार ही बननी है तो वह बनेगी ही भले ही आनंद मिश्र विधायक रहे अथवा नहीं रहे. ऐसे में उनका यह कहना कि सड़क बन जाने के बाद कौन-कौन लोग आएंगे यह समझ से परे हैं. क्योंकि इस सड़क के लिए आज तक उनके स्तर से कोई प्रयास नहीं हुआ है. नियमानुसार सड़क की अनुरक्षण अवधि खत्म होते के बाद ही सरकार नई सड़क बनवा सकती है.  ऐसे में अब जब वह अवधि पूरी हो चुकी है तो साल दो साल में सड़क बन ही जाएगी.

लम्बे समय से बदहाल है जासो रोड, भारी वाहनों के परिचालन से खराब हुए हालात

बता दें कि जासो रोड की बदहाल स्थिति लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क की स्थिति लगातार खराब होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क को बदहाली इस लिए भी बढ़ती जा रहीं है क्योंकि जांच से बचने के लिए 50 से 60 टन का भार लिए ट्रक इसी रास्ते से गुजरने लगे हैं.












Post a Comment

0 Comments