पुल पर पिता को आते देख युवक ने गंगा में लगा दी छलांग, फोन पर पहले ही कह चुका था- ‘मैं नदी में कूदने जा रहा हूं’ ..

युवक की पहचान नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी गांव निवासी श्याम नारायण पासवान के पुत्र श्रीकांत पासवान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पिता से किसी बात को लेकर नाराज श्रीकांत ने पहले फोन कर नदी में कूदने की बात कही और कुछ ही देर बाद पुल पर पहुंच गया.





                             


  • पिता बाइक से पहुंचे पुल पर, लेकिन बेटे से करीब 100 मीटर पहले बंद हो गई बाइक; पैदल बढ़े तो अचानक गंगा में कूद गया युवक
  • वीर कुंवर सिंह सेतु पर मचा हड़कंप, सूचना मिलते ही गंगा ब्रिज चेक पोस्ट पुलिस पहुंची; तलाश में जुटी पुलिस

बक्सर टॉप न्यूज़,  बक्सर : वीर कुंवर सिंह सेतु पर शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक 22 वर्षीय युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी. युवक की पहचान नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी गांव निवासी श्याम नारायण पासवान के पुत्र श्रीकांत पासवान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पिता से किसी बात को लेकर नाराज श्रीकांत ने पहले फोन कर नदी में कूदने की बात कही और कुछ ही देर बाद पुल पर पहुंच गया.

फोन पर बेटे की बात सुन कांप उठा पिता का कलेजा

जानकारी के अनुसार, श्रीकांत किसी बात को लेकर अपने पिता श्याम नारायण पासवान से नाराज था. इसी दौरान उसने अपने पिता को फोन किया और कहा कि वह गंगा नदी में कूदने जा रहा है. बेटे की यह बात सुनते ही पिता घबरा गए और बिना देर किए बाइक से वीर कुंवर सिंह सेतु की ओर निकल पड़े.

100 मीटर की दूरी पर था बेटा, तभी बंद हो गई बाइक

पिता जब पुल पर पहुंचे तो श्रीकांत उनसे करीब 100 मीटर की दूरी पर था. इसी बीच अचानक उनकी बाइक बंद हो गई. बेटे को रोकने की बेचैनी में श्याम नारायण बाइक वहीं छोड़कर पैदल उसकी ओर बढ़ने लगे. बताया जा रहा है कि पिता को अपनी तरफ आता देख श्रीकांत ने अचानक गंगा में छलांग लगा दी.

आंखों के सामने नदी में समा गया युवक, जुट गई भीड़

युवक के गंगा में कूदते ही पुल पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई. कुछ ही पलों में मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. लोगों ने तत्काल घटना की सूचना गंगा ब्रिज चेक पोस्ट पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के साथ युवक की तलाश को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी.

बेटे की तलाश में डूबी उम्मीद, परिवार में मचा कोहराम

घटना के बाद श्रीकांत के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पिता श्याम नारायण पासवान भरौली में खाद-बीज की दुकान पर काम करते हैं. बेटे के गंगा में छलांग लगाने की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल पुलिस युवक की तलाश और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी है.













Post a Comment

0 Comments