वीडियो : 20 साल में नहीं बनी सड़क, CM के दौरे से पहले रातों-रात चमक गई! कांग्रेस ने पूछा- जनता के लिए विकास की यह रफ्तार कब?

कहा कि यह सवाल सिर्फ सड़क बनने का नहीं, बल्कि यह जानने का है कि आखिर आम जनता की परेशानी दूर करने के लिए जिस काम में दो दशक लग गए, वह मुख्यमंत्री के आने से पहले इतनी तेजी से कैसे होने लगा. 

 





                           




  • पंकज उपाध्याय का तंज- जनता गड्ढों में चलती रही, मुख्यमंत्री के रास्ते पर अचानक बिछ गई सड़क की नई परत
  • 26 करोड़ के ROB से लेकर जासो-नदांव की बदहाली तक, मुख्यमंत्री से सवाल पूछने की अपील

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर के बक्सर दौरे से पहले शहर में सड़कों की मरम्मत और सफाई को लेकर सियासत गरमा गई है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस सड़क के लिए करीब 20 वर्षों से विभागों के बीच एनओसी का मामला अटका हुआ था, मुख्यमंत्री के दौरे की आहट मिलते ही उसी सड़क पर रातों-रात काम शुरू हो गया.

पंकज उपाध्याय ने कहा कि यह सवाल सिर्फ सड़क बनने का नहीं, बल्कि यह जानने का है कि आखिर आम जनता की परेशानी दूर करने के लिए जिस काम में दो दशक लग गए, वह मुख्यमंत्री के आने से पहले इतनी तेजी से कैसे होने लगा. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता वर्षों तक सड़क के गड्ढों से जूझती रही, लेकिन अब मुख्यमंत्री के गुजरने वाले रास्ते को चमकाने में प्रशासन पूरी ताकत लगा रहा है.

नहर की सफाई और सड़क निर्माण पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विश्वामित्र पार्क के नाम पर नहर की आनन-फानन में सफाई और मिट्टी डालने के काम पर भी सवाल खड़े किए. उनका आरोप है कि नहर में डाली जा रही मिट्टी बारिश के साथ बहकर गंगा में चली जाएगी. उन्होंने इस काम में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की जरूरत बताई.

उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग और पथ निर्माण विभाग के बीच लंबे समय से एनओसी का पेंच बताकर सड़क निर्माण को रोका जाता रहा, लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम ने अचानक सभी अड़चनें दूर कर दीं. इसी को लेकर उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे लोकतांत्रिक व्यवस्था की जगह राजतंत्र वाली व्यवस्था काम कर रही हो.

स्कूल बंद, श्रद्धालुओं की आवाजाही पर भी नाराजगी

पंकज उपाध्याय ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कारण स्कूलों को बंद करने और वामन द्वादशी के दौरान बैरिकेडिंग के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित होने पर भी सवाल उठाया. उनका कहना है कि मुख्यमंत्री का दौरा आम लोगों की सुविधा से बड़ा नहीं हो सकता.

उन्होंने बक्सर के 26 करोड़ रुपये के क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज और जासो सड़क की बदहाली का मुद्दा भी उठाया. कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि मुख्यमंत्री के सामने इन दोनों समस्याओं को लेकर सवाल उठाए जाएं.

भाजपा कार्यालय की सड़क पर भी सियासी तंज

जासो सड़क के निर्माण को लेकर पंकज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि मुख्य सड़क की समस्या दूर करने के बजाय भाजपा कार्यालय के सामने की सड़क को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को सड़क बनने से खुशी हो सकती है, लेकिन जासो और नदांव के ग्रामीणों की परेशानी जस की तस है.

उन्होंने मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सड़कों पर डाली जा रही नई परत की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया. उनका दावा है कि यह काम महज दिखावे के लिए किया जा रहा है और सड़क पर चढ़ाई जा रही पतली लेयर ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष के इन आरोपों पर प्रशासन और संबंधित विभागों का पक्ष सामने आना बाकी है.

वीडियो : 

















Post a Comment

0 Comments