विद्यार्थियों के जिला मुख्यालय पहुंचने की सूचना के बाद प्रशासन ने मामले में तत्काल संज्ञान लिया. अब सिर्फ रामपुर के आवासीय विद्यालय की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि विभाग द्वारा संचालित जिले के सभी छात्रावासों की भी जांच कराई जाएगी.
- डीडीसी की अध्यक्षता में बनी जांच समिति, भोजन-पानी से लेकर बिजली और सुरक्षा व्यवस्था तक होगी पड़ताल
- जिला कल्याण पदाधिकारी से मांगा गया स्पष्टीकरण, डीएम ने छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया निर्देश
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के केसठ प्रखंड के रामपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों के करीब 40 किलोमीटर पैदल चलकर बक्सर पहुंचने और सड़क पर प्रदर्शन करने के मामले ने जिला प्रशासन का ध्यान खींचा है. रविवार को विद्यार्थियों के जिला मुख्यालय पहुंचने की सूचना के बाद प्रशासन ने मामले में तत्काल संज्ञान लिया. अब सिर्फ रामपुर के आवासीय विद्यालय की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि विभाग द्वारा संचालित जिले के सभी छात्रावासों की भी जांच कराई जाएगी.
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विद्यालय से कुछ विद्यार्थियों के बाहर निकलने की सूचना मिलते ही जिला कल्याण पदाधिकारी ने प्रधानाध्यापक से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली. छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को तत्काल उनके पीछे भेजा गया. इसके बाद जिला कल्याण पदाधिकारी भी बक्सर के लिए रवाना हुए.
डीडीसी की अध्यक्षता में बनेगी जांच की पूरी तस्वीर
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप विकास आयुक्त, बक्सर की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया गया है. समिति जिले में विभाग द्वारा संचालित सभी छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण करेगी.
जांच के दौरान आधारभूत सुविधाओं के साथ भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य जरूरी सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी. प्रशासन ने कमियों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
बिजली बाधित, जनरेटर से चल रही व्यवस्था
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि संबंधित विद्यालय में पिछले कुछ दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित है. इस दौरान भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को जनरेटर के माध्यम से संचालित किए जाने की जानकारी दी गई है.
हालांकि, आंदोलन के दौरान विद्यार्थियों ने भोजन, पानी, बिजली और ड्रेस समेत कई सुविधाओं को लेकर अपनी शिकायतें रखी थीं. प्रशासन की जांच में इन शिकायतों और विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
जिला कल्याण पदाधिकारी से मांगा गया स्पष्टीकरण
मामले में जिला कल्याण पदाधिकारी, बक्सर से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है. जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
छात्रों के बक्सर पहुंचने के बाद अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर समेत अन्य पदाधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की. प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों की सुरक्षा, संरक्षण और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई है.
अब जांच समिति की रिपोर्ट पर नजर रहेगी. इस रिपोर्ट से यह सामने आएगा कि छात्रावास में सुविधाओं को लेकर विद्यार्थियों की शिकायतों की वास्तविक स्थिति क्या है और व्यवस्था में किन स्तरों पर सुधार की जरूरत है.
वीडियो :






.png)










0 Comments