वीडियो : ऑपरेशन के बाद मौत, नेहा नर्सिंग होम में हंगामा; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप ..

बताया कि हाल ही में बाइक दुर्घटना में हरिओम के पैर की हड्डी टूट गई थी. इसी चोट का ऑपरेशन कराने के लिए उन्हें नेहा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि उन्हें करीब तीन घंटे तक ऑपरेशन थिएटर में रखा गया. जब बाहर निकाला गया तो उनकी मौत हो चुकी थी.





                           



  • तीन घंटे तक ऑपरेशन थिएटर में रहा शिक्षक, बाहर निकाला गया तो हो चुकी थी मौत
  • आक्रोशित परिजनों ने की तोड़फोड़, पुलिस ने चिकित्सक को लिया अभिरक्षा में

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के कोइरपुरवा मोहल्ले में स्थित नेहा नर्सिंग होम में रविवार को इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. मृतक के परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ की. सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और चिकित्सक डॉ. महेंद्र प्रसाद को अपनी अभिरक्षा में ले लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

मृतक की पहचान चंडिका प्रेस निवासी तथा महदह स्थित सरकारी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक हरिओम के रूप में हुई है. उनके भाई संजय प्रकाश ने बताया कि हाल ही में बाइक दुर्घटना में हरिओम के पैर की हड्डी टूट गई थी. इसी चोट का ऑपरेशन कराने के लिए उन्हें नेहा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि उन्हें करीब तीन घंटे तक ऑपरेशन थिएटर में रखा गया. जब बाहर निकाला गया तो उनकी मौत हो चुकी थी.

मौत की खबर मिलते ही भड़का आक्रोश

परिजनों के मुताबिक घटना के बाद चिकित्सक और अस्पताल के कर्मचारी वहां से चले गए. इसके बाद परिजनों का आक्रोश भड़क गया और उन्होंने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी. परिजनों ने अस्पताल को सील करने तथा चिकित्सक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उनका यह भी आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर में काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, पोस्टमार्टम की तैयारी

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

घटना की जानकारी मिलने पर रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी, आईएमए अध्यक्ष डॉ. रंगनाथ तिवारी, नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी समेत कई स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे. वहीं अस्पताल में हंगामे के बाद वहां भर्ती कुछ अन्य मरीज भी अस्पताल छोड़कर चले गए. उनका कहना था कि घटना के बाद उन्हें अस्पताल में इलाज को लेकर भरोसा नहीं रह गया है.
















Post a Comment

0 Comments