स्नान के दौरान करंट का कहर. धोबही गांव में अधेड़ की दर्दनाक मौत ..

वे पिछले कुछ समय से धोबही गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे. रविवार को वे घर में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान उनका संपर्क बिजली के तार से हो गया और उन्हें जोरदार करंट लग गया.





                             


  • धनसोई थाना क्षेत्र में हादसे से पसरा मातम, ससुराल में रह रहे थे मृतक प्रेमचंद सिंह
  • बिजली के तार के संपर्क में आते ही लगा जोरदार करंट, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : धनसोई थाना क्षेत्र के धोबही गांव में रविवार को स्नान के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से 49 वर्षीय एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया. मृतक की पहचान प्रेमचंद सिंह के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार प्रेमचंद सिंह मूल रूप से बन्नी गांव निवासी चतुरी सिंह के पुत्र थे. वे पिछले कुछ समय से धोबही गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे. रविवार को वे घर में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान उनका संपर्क बिजली के तार से हो गया और उन्हें जोरदार करंट लग गया.

बताया जाता है कि करंट का झटका इतना तेज था कि परिजन जब तक कुछ समझ पाते और उन्हें बचाने का प्रयास करते, तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से ससुराल पक्ष समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलने पर धनसोई थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि हो सकेगी.













Post a Comment

0 Comments