परियोजना की उत्पादन क्षमता और बिहार की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद बढ़ी है. कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना के केंद्रीय नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन किया.
![]() |
| परियोजना का फीता काटकर उद्घाटन करते एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक |

- एसजेवीएन के सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता ने किया उद्घाटन, केंद्रीय नियंत्रण कक्ष का भी शुभारंभ
- बिहार की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में परियोजना निभाएगी अहम भूमिका, सुरक्षित और भरोसेमंद संचालन पर जोर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार की ऊर्जा क्षमता को नई मजबूती देने वाली 1320 मेगावाट की बक्सर ताप विद्युत परियोजना ने एक और बड़ा पड़ाव पार कर लिया है. परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-2 के वाणिज्यिक प्रचालन की उपलब्धि पर सोमवार को चौसा स्थित परियोजना परिसर में समारोह आयोजित किया गया. एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने रिबन काटकर और उद्घाटन बटन दबाकर कार्यक्रम की शुरुआत की. इस मौके पर एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल भी मौजूद रहे.
इकाई-2 के वाणिज्यिक प्रचालन के साथ परियोजना की उत्पादन क्षमता और बिहार की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद बढ़ी है. कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना के केंद्रीय नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन किया. उन्होंने ऐश डाइक समेत संयंत्र के प्रमुख प्रचालन क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों और कार्यप्रणाली का जायजा लिया.
टीम की मेहनत को बताया कामयाबी की वजह
एसजेवीएन के सीएमडी ने टीम एसटीपीएल को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है. उन्होंने परियोजना के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बक्सर ताप विद्युत परियोजना बिहार की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
उन्होंने टीम से इसी गति को बनाए रखने और संयंत्र के सुरक्षित, कुशल तथा विश्वसनीय संचालन पर लगातार ध्यान देने का आह्वान किया.
ऊर्जा सचिव और डीएम से भी हुई अहम चर्चा
दौरे के दौरान भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल ने बिहार सरकार के ऊर्जा सचिव अजय यादव तथा बक्सर की जिला दंडाधिकारी साहिला से मुलाकात की. बैठक में परियोजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. इसमें भूमि अधिग्रहण, सामाजिक दायित्व के तहत होने वाले कार्य, पीएसपी परियोजनाएं, बिजली खरीद समझौते से जुड़े विषय, एसजेवीएन के पास उपलब्ध नवीकरणीय बिजली तथा बिहार में भविष्य के निवेश की संभावनाएं शामिल रहीं.
पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश
परियोजना परिसर में भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल ने पौधारोपण भी किया. इसके माध्यम से एसजेवीएन ने परियोजना के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया.
1320 मेगावाट की बक्सर ताप विद्युत परियोजना बिहार के बक्सर जिले के चौसा में स्थित है. इसका निर्माण और संचालन एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) कर रही है. कार्यक्रम में एसटीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलक कुमार मुखोपाध्याय सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.





.png)










0 Comments