पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए लोगों से छिनैती करते हैं. मोटरसाइकिल चोरी में भी शामिल होने की बात सामने आई है.

- धबछुआ मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने कैश-मोबाइल छीना, पुलिस ने घरों पर दबिश देकर आरोपियों को उठाया
- दो बाइक और 3 मोबाइल बरामद, एक आरोपी अब भी फरार; पूछताछ में बोले- जरूरतें पूरी करने के लिए करते थे छिनैती
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के नावानगर थाना क्षेत्र के धबछुआ मोड़ पर हाईवा चालक से कैश और मोबाइल लूटकर भागे बदमाश पुलिस से ज्यादा देर तक नहीं बच सके. वारदात की सूचना मिलने के महज चार घंटे के भीतर पुलिस ने लूटकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार, कृष्णा कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. वारदात में शामिल चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
सूचना मिली और पुलिस ने कस दिया शिकंजा
13 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि धबछुआ मोड़ के पास चार बाइक सवार बदमाशों ने एक हाईवा चालक को निशाना बनाया है. बदमाशों ने चालक से नगद रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. पुलिस ने आसूचना जुटाने के साथ तकनीकी अनुसंधान शुरू किया और संदिग्धों के ठिकानों तक पहुंच गई.
घरों पर पहुंची पुलिस, तीनों दबोचे गए
पुलिस टीम ने आरोपियों के घरों पर विधिवत छापेमारी की और मुकेश कुमार, कृष्णा कुमार तथा अभिषेक कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए लोगों से छिनैती करते हैं. मोटरसाइकिल चोरी में भी शामिल होने की बात सामने आई है.
लूट में इस्तेमाल बाइक से लेकर मोबाइल तक बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इनमें ट्रक चालक से लूटा गया मोबाइल भी शामिल है. इस मामले में नावानगर थाना कांड संख्या 86/26 दर्ज किया गया है. पुलिस अब फरार चौथे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है.
एक आरोपी का रोहतास कनेक्शन भी मिला
गिरफ्तार कृष्णा कुमार के खिलाफ रोहतास जिले के दावथ थाना में पहले से मामला दर्ज है. उसके खिलाफ वर्ष 2024 में धारा 393 के तहत लूट के प्रयास का केस दर्ज हुआ था. पुलिस ने अन्य दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने के लिए आसपास के जिलों से जानकारी मांगी है.
हथियार नहीं मिला, कैश-मोबाइल के लिए बनाया था निशाना
प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि घटना में किसी हथियार की बरामदगी नहीं हुई है और प्राथमिकी में भी हथियार का जिक्र नहीं है. आरोपियों की मंशा ट्रक चालकों को निशाना बनाकर कैश और मोबाइल लूटने की थी. उन्होंने कहा कि महज चार घंटे में कांड का उद्भेदन पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई का परिणाम है. बेहतर काम करने वाली टीम के लिए प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार की संस्तुति की जाएगी.
इनकी हुई गिरफ्तारी
मुकेश कुमार, पिता अखिलेश पासवान, छवहुआ, नावानगर.
कृष्णा कुमार, पिता अशोक सिंह, अतमी डेरा, वासुदेवा.
अभिषेक कुमार, पिता अशोक सिंह, कुंजनारा, सिकरौल.
ये पुलिसकर्मी रहे कार्रवाई में शामिल
प्रभारी एसडीपीओ डुमरांव समीर कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक अरविन्द कुमार, नावानगर थानाध्यक्ष प्रफ्फुल कुमार, कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, वासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार, अपर थानाध्यक्ष नावानगर मिंटु कुमार, डीआईयू डुमरांव की टीम तथा नावानगर, कोरानसराय और वासुदेवा थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे.
वीडियो :





.png)










0 Comments