आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए वामन ग्लोबल फाउंडेशन की आयोजन समिति की बैठक हुई. इसमें अब तक की तैयारियों की समीक्षा के साथ रथ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर कई अहम बिंदुओं पर गहन मंथन किया गया.

- बैठक में रूट से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा तक पर हुआ मंथन
- सदस्यों ने बताई अब तक की तैयारी, महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था भी होगी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : वामन द्वादशी के अवसर पर भगवान वामन की प्रस्तावित रथ यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए वामन ग्लोबल फाउंडेशन की आयोजन समिति की बैठक हुई. इसमें अब तक की तैयारियों की समीक्षा के साथ रथ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर कई अहम बिंदुओं पर गहन मंथन किया गया.
बैठक में फाउंडेशन के सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारियों के तहत किए गए कार्यों की जानकारी दी. इसके बाद रथ यात्रा के रूट, श्रद्धालुओं की सुविधा, यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं और महाप्रसाद वितरण को लेकर चर्चा की गई. आयोजन समिति ने सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया.
किला मैदान से मंदिर तक निकलेगी यात्रा
भगवान वामन की रथ यात्रा 23 सितंबर को सुबह 8 बजे किला मैदान स्थित रामलीला मंच से शुरू होगी. यहां से यात्रा पुलिस चौकी, रामरेखा घाट, पी.पी. रोड, मुनीम चौक, यमुना चौक, ठठेरी बाजार मोड़, सब्जी मंडी मेन रोड, आदर्श नगर थाना, कॉलेज गेट मोड़ और जेल मोड़ होते हुए भगवान वामन मंदिर पहुंचेगी.
आयोजन समिति की बैठक में निर्धारित रूट को लेकर भी विशेष चर्चा हुई. समिति का प्रयास है कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिले और आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो.
भक्ति के साथ महाप्रसाद का भी इंतजाम
रथ यात्रा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा. आयोजन समिति की ओर से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से सपरिवार रथ यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है.
फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय (कल्लू राय) ने कहा कि वामन द्वादशी के अवसर पर आयोजित रथ यात्रा को लेकर सभी सदस्य उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हैं. बैठक के माध्यम से व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आयोजन को बेहतर बनाने के लिए जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
बैठक में प्रेम जी मिश्रा, सिकन्दर सिंह, बबुआ राय, दीपक सिंह (पार्षद), राहुल राय, प्रेम प्रकाश तिवारी, सागर सिंह, राकेश रंजन सिंह, मुकेश कुमार, तुफानी यादव, रिषि सिंह, मनोरंजन पाण्डेय, विजय मिश्रा, सचिन पाण्डेय सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.





.png)










0 Comments