वीडियो : एक स्कॉर्पियो में तीन नंबर प्लेट, दो गाड़ियों से 7 लाख की शराब बरामद ..

दोनों स्कॉर्पियो की जांच की गई तो करीब 7 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद हुई. इनमें से एक स्कॉर्पियो में उसके लगे नंबर प्लेट के अलावा दो अलग-अलग नंबरों के अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिले. कार्रवाई के दौरान एक चालक पकड़ा गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया.





                             


  • बड़का ढकाईच में हाईवे किनारे मां शारदा रेस्टोरेंट से पकड़ी गईं दो स्कॉर्पियो, एक चालक गिरफ्तार
  • पूछताछ में खुलासा- 10 हजार में 82 गांव से शराब लेकर आरा पहुंचाने का था सौदा, दूसरा चालक फरार

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के बड़का ढकाईच में नेशनल हाईवे किनारे खड़ी दो स्कॉर्पियो पर उत्पाद विभाग की नजर पड़ी तो शराब तस्करी का चौंकाने वाला मामला सामने आया. मां शारदा रेस्टोरेंट परिसर में संदिग्ध हालत में खड़ी दोनों स्कॉर्पियो की जांच की गई तो करीब 7 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद हुई. इनमें से एक स्कॉर्पियो में उसके लगे नंबर प्लेट के अलावा दो अलग-अलग नंबरों के अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिले. कार्रवाई के दौरान एक चालक पकड़ा गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया.


गाड़ी बदलने क थी तैयारी, 10 हजार में डिलीवरी का दावा

गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की डुमरांव थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी के नेतृत्व में टीम ने मां शारदा रेस्टोरेंट परिसर में छापेमारी की. दोनों स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली. गिरफ्तार चालक की पहचान नैनीजोर थाना क्षेत्र के बड़की नैनीजोर निवासी अजीत पासवान के पुत्र उमाकांत पासवान के रूप में हुई है.

उत्पाद विभाग के अनुसार, पूछताछ में उमाकांत ने बताया कि वह 82 गांव से शराब लेकर आरा के वामपाली जा रहा था. उसके साथ एक दूसरी स्कॉर्पियो भी थी. चालक ने बताया कि शराब पहुंचाने के एवज में उसे 10 हजार रुपये मिलने थे. हाईवे पर दूसरी स्कॉर्पियो के चालक को गाड़ी सौंपने की बात भी उसने बताई.

अलग-अलग नंबर प्लेट ने बढ़ाया शक, होटल भी जांच के घेरे में

बरामद स्कॉर्पियो में वाहन पर लगे नंबर प्लेट के अलावा दो अन्य नंबर प्लेट मिलने से उत्पाद विभाग की जांच का दायरा बढ़ गया है. तीनों नंबर प्लेट अलग-अलग नंबरों के बताए जा रहे हैं. विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि अतिरिक्त नंबर प्लेट किस उद्देश्य से रखे गए थे और इनका इस्तेमाल कहां-कहां किया गया.

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि फरार चालक और होटल संचालक का पता लगाया जा रहा है. जिस स्थान पर दोनों स्कॉर्पियो खड़ी थीं, उसे सील कर दिया गया है. मामले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.

अब जांच के केंद्र में तीन सवाल हैं—तीन नंबर प्लेट क्यों रखे गए थे, दूसरी स्कॉर्पियो का चालक कौन है और शराब की यह खेप किस नेटवर्क के जरिए आरा पहुंचाई जानी थी.

विडियो : 














Post a Comment

0 Comments