फूड पॉइजनिंग के बाद जागा प्रशासन, राजगोला में नकली सरसों तेल की सूचना पर ताबड़तोड़ छापा ..

अधिकारियों ने लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजने की बात कही है. जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.





                             


  • मिठाई दुकान के बाद किराना बाजार पर नजर
  • सरसों तेल-मसाले समेत कई खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में मिठाई खाने के बाद एक ही परिवार के नौ लोगों के बीमार पड़ने की घटना के बाद प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में गुरुवार को राजगोला क्षेत्र में नकली सरसों तेल बनाए जाने की सूचना पर एसडीएम के नेतृत्व में टीम ने कई किराना दुकानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन से अधिक दुकानों से सरसों तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए.

अचानक हुई कार्रवाई से राजगोला बाजार में काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही. टीम ने दुकानों में रखे खाद्य पदार्थों की जांच की और संबंधित दस्तावेजों की भी जानकारी ली. अधिकारियों ने लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजने की बात कही है. जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.


मिठाई से लेकर किराना बाजार तक प्रशासन की नजर

फूड पॉइजनिंग की घटना के बाद प्रशासन अब केवल मिठाई दुकानों तक सीमित नहीं रहना चाहता. खाद्य तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी जांच के दायरे में आ गई है. प्रशासनिक टीम की अचानक छापेमारी के बाद बाजार में दुकानदारों के बीच भी कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी रही.

एसडीएम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने की चेतावनी दी है. उन्होंने चीनी कारोबारियों को भी निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक नहीं रखने तथा स्टॉक रजिस्टर को अद्यतन रखने का निर्देश दिया. अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

संदिग्ध खाद्य सामग्री से बचने की अपील

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध या मिलावटी खाद्य सामग्री की खरीदारी न करें. किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह होने या मिलावट की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है.

इधर, अरियांव में फूड पॉइजनिंग की घटना से प्रभावित लोगों का इलाज अनुमंडल अस्पताल में जारी है. मरीजों की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा.













Post a Comment

0 Comments